Infosys Share Buyback: ₹18000 करोड़ के ऑफर में नारायण मूर्ति, सुधा मूर्ति, नंदन नीलेकणि समेत प्रमोटर्स नहीं लेंगे हिस्सा

Infosys' Biggest Share Buyback: इंफोसिस के बोर्ड ने शेयर बायबैक को सितंबर 2025 में मंजूरी दी थी। कंपनी ने इसके पहले साल 2017, 2019, 2021 और 2022 में भी शेयरों का बायबैक किया था। इंफोसिस देश की दूसरी सबसे बड़ी IT सर्विसेज कंपनी है

अपडेटेड Oct 23, 2025 पर 4:10 PM
नए अपडेट के बाद 23 अक्टूबर को Infosys के शेयरों पर नजर रहेगी।

IT कंपनी इंफोसिस (Infosys) सबसे बड़ा शेयर बायबैक करने वाली है। कंपनी अपने शेयरहोल्डर्स से 18000 करोड़ रुपये के शेयर वापस खरीदेगी। 22 अक्टूबर को कंपनी ने इस बायबैक को लेकर एक नया अपडेट जारी किया। इंफोसिस ने शेयर बाजारों को बताया है कि नंदन नीलेकणि, सुधा मूर्ति और अन्य समेत कंपनी के प्रमोटर शेयर बायबैक में हिस्सा नहीं लेंगे। इस नए अपडेट के बाद 23 अक्टूबर को कंपनी के शेयरों में 5 प्रतिशत तक की तेजी दिखी। कारोबार बंद होने पर शेयर BSE पर लगभग 4 प्रतिशत बढ़त के साथ 1528.85 रुपये पर सेटल हुआ।

इंफोसिस के मुताबिक, "चूंकि प्रमोटर्स और कंपनी के प्रमोटर ग्रुप ने बायबैक में हिस्सा नहीं लेने का इरादा जताया है, इसलिए उनके पास मौजूद इक्विटी शेयरों को एनटाइटलमेंट रेशियो की कंप्यूटिंग में शामिल नहीं किया गया है।" शेयर बायबैक प्रोग्राम में कंपनी ओपन मार्केट से अपने शेयर वापस खरीदती है। ऐसा करने से बाजार में शेयरों की संख्या घट जाती है, जिससे बचे हुए शेयरों की वैल्यू बढ़ सकती है और कंपनी की प्रति शेयर आय में सुधार होता है।

किस भाव पर होगा बायबैक


Infosys 1800 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बायबैक करेगी। शेयरहोल्डर्स से 5 रुपये फेस वैल्यू वाले 10,00,00,000 फुली पेड अप इक्विटी शेयर खरीदे जाएंगे। एनटाइटलमेंट रेशियो, रिकॉर्ड डेट की घोषणा आगे चलकर की जाएगी। कंपनी ने यह भी कहा है कि अमेरिकी नियमों के मुताबिक, बायबैक के लेटर ऑफ ऑफर का ड्राफ्ट वर्जन यूएस सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन के पास भी जमा किया जा रहा है।

इंफोसिस के बोर्ड ने शेयर बायबैक को सितंबर 2025 में मंजूरी दी थी। बायबैक के प्रपोजल पर शेयरहोल्डर्स की मंजूरी के लिए रिमोट ई-वोटिंग 6 अक्टूबर को रखी गई। इंफोसिस देश की दूसरी सबसे बड़ी आईटी सर्विसेज कंपनी है।

Stocks to Watch: Bharti Airtel, HCL, LTIMindtree और Filatex समेत ये स्टॉक्स, सेंसेक्स की एक्सपायरी पर होगा धमाल!

इससे पहले इंफोसिस ने कब किया था शेयर बायबैक

इंफोसिस ने इसके पहले साल 2017, 2019, 2021 और 2022 में भी शेयरों का बायबैक किया था। साल 2022 में कंपनी ने लगभग 9,300 करोड़ रुपये के शेयर वापस खरीदे थे, जबकि 2021 में बायबैक का साइज करीब 9200 करोड़ रुपये था। इंफोसिस का मार्केट कैप वर्तमान में 6.35 लाख करोड़ रुपये है। कंपनी में सितंबर 2025 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 14.30 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। इंफोसिस का शेयर एक साल में 18 प्रतिशत नीचे आया है।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।