Innomet Advanced Materials IPO Listing: मेटल पाउडर और टंगस्टन हैवी अलॉय बनाने वाली इनोमेट एडवांस्ड मैटेरियल्स के शेयरों की आज NSE के SME प्लेटफॉर्म पर धांसू एंट्री हुई। इसके आईपीओ को ओवरऑल 323 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 100 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 190.00 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को 90 फीसदी का लिस्टिंग गेन (Innomet Advanced Materials) मिला। लिस्टिंग के बाद शेयर और ऊपर चढ़े। उछलकर यह 199.50 रुपये (Innomet Advanced Materials Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 99.50 फीसदी मुनाफे में हैं।
Innomet Advanced Materials IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
इनोवेट एडवांस्ड मैटेरियल्स का ₹34.24 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 11-13 सितंबर तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का जबरदस्त रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 323.92 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 226.97 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 34,23,600 नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने, मशीनरी और इक्विपमेंट की खरीदारी, कर्ज चुकाने, आम कॉरपोरेट उद्देश्यों और इश्यू से जुड़े खर्चों को भरने में करेगी।
Innomet Advanced Materials के बारे में
वर्ष 1984 में बनी इनोमेट एडवांस्ड मैटेरियल्स मेटल पाउडर और टंगस्टन हैवी अलॉयज बनाती है। इसके प्रोडक्ट्स की सप्लाई न सिर्फ भारत में बल्कि अमेरिका, यूके, जर्मनी, नीदरलैंडर, जापान, इटली, न्यूजीलैंड, लेबनॉन और ब्रूनेई में होती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2022 में इसे 55.17 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2023 में उछलकर 3.22 करोड़ रुपये पर पहुंच गया लेकिन अगले ही वित्त वर्ष 2024 में यह घटकर 2.52 करोड़ रुपये पर आ गया। हालांकि इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 14 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 29.56 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।