IRCTC Share Price: सरकारी रेल कंपनी IRCTC के शेयरों में लगातार दबाव बना हुआ है। यह स्टॉक करीब पांच साल पहले बने रिकॉर्ड हाई से लगभग 65% टूट चुका है। अब ये अपने 52 हफ्ते के निचले स्तर के करीब है, जो इसने पिछले महीने बनाया था। सोमवार को यह ₹448 पर तकरीबन फ्लैट बंद हुआ। इसके साथ कंपनी का मार्केट कैप घटकर ₹35.84 करोड़ रह गया।
तकनीकी संकेत भी फिलहाल कमजोरी दिखा रहे हैं। शेयर का RSI 44.5 पर है। यानी यह न तो ओवरसोल्ड है और न ही ओवरबॉट जोन में। इसके अलावा शेयर 5 दिन से लेकर 200 दिन तक के सभी अहम मूविंग एवरेज से नीचे कारोबार कर रहा है।
ब्रोकरेज फर्म PL Capital ने IRCTC के शेयर पर BUY रेटिंग बरकरार रखते हुए ₹662 का टारगेट प्राइस दिया है। मौजूदा भाव ₹448 के मुकाबले इसमें करीब 48% तेजी की संभावना है। ब्रोकरेज को कंपनी के कैटरिंग और टूरिज्म कारोबार में अच्छी ग्रोथ की उम्मीद है।
सितंबर तिमाही में कैटरिंग रेवेन्यू 26% बढ़कर ₹655 करोड़ और टूरिज्म रेवेन्यू 28.4% बढ़कर ₹192 करोड़ रहा। इसके अलावा कंपनी Rail Neer के चार नए प्लांट लगाने की तैयारी कर रही है। हालांकि, कम मार्जिन वाली कैटरिंग सेवाओं की हिस्सेदारी बढ़ने से EBITDA मार्जिन पर दबाव रह सकता है।
IDBI Capital ने घटाया टारगेट
एक अन्य ब्रोकरेज IDBI Capital ने IRCTC पर BUY रेटिंग बरकरार रखी है। हालांकि, ब्रोकरेज ने टारगेट प्राइस ₹610 से घटाकर ₹550 कर दिया है। ब्रोकरेज ने कुछ जोखिमों की ओर ध्यान दिलाया है। मार्च के बाद कंपनी की रिसीवेबल्स यानी ग्राहकों से मिलने वाली रकम में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है। पहली छमाही में ऑपरेटिंग कैश फ्लो भी घटा है। इसके अलावा ₹20.4 करोड़ के विवादित ITC क्लेम भी कंपनी के लिए चिंता का विषय हैं।
ब्रोकरेज के मुताबिक, कंपनी की मजबूत कैश पोजिशन और कम कर्ज से वैल्यूएशन को सपोर्ट मिलता है। कंपनी के पास करीब ₹3,780 करोड़ का कैश रिजर्व है। इसके अलावा लाइसेंस फीस से जुड़ी संभावित कमाई भी आगे शेयर के लिए सकारात्मक हो सकती है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।