Tata Motors Price Hike: टाटा की गाड़ियां भी होंगी महंगी, 1 दिसंबर से बढ़ेंगे दाम

Tata Motors Price Hike: वैसे तो कंपनी लागत में हुई बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही है, लेकिन इसका कुछ असर ग्राहकों पर भी पड़ेगा। गाड़ियों की कीमतों में औसतन 0.5% की बढ़ोतरी होगी, जो 1 दिसंबर, 2026 से लागू होगी

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 3:05 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Tata Motors इनपुट लागत में बढ़ोतरी के असर को कुछ हद तक कम करने के लिए ऐसा कर रही है।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स (TMPV) ने भी अपनी गाड़ियों की कीमतें बढ़ाने का ऐलान किया है। कंपनी दिसंबर 2026 से कारों और SUV की कीमतें बढ़ाएगी। कंपनी ने पूरे पोर्टफोलियो की कीमतों में बदलाव की घोषणा की है। इसमें इंटरनल कंबशन इंजन (ICE) और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) दोनों तरह के वाहन शामिल हैं। इस बदलाव के चलते गाड़ियों की कीमतों में औसतन 0.5% की बढ़ोतरी होगी, जो 1 दिसंबर, 2026 से लागू होगी। यह कदम इनपुट लागत (उत्पादन लागत) में हुई बढ़ोतरी के असर को कुछ हद तक कम करने के लिए उठाया जा रहा है।

TMPV ने शेयर बाजारों को बताया है कि वैसे तो वह लागत में हुई इस बढ़ोतरी का एक बड़ा हिस्सा खुद वहन कर रही है, लेकिन इसका कुछ असर ग्राहकों पर भी पड़ेगा। कीमतों में बदलाव अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के हिसाब से अलग-अलग होगा।

गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा के बाद बुधवार, 25 नंवबर को टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयरों पर नजर रहेगी। BSE पर 23 नवंबर को शेयर 259 रुपये पर बंद हुआ था। 24 नवंबर को शेयर बाजार में गुरुनानक जयंती की छुट्टी है। कंपनी का मार्केट कैप 95300 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है।


मारुति, हुंडई और ऑडी ने भी कीमतें बढ़ाने का किया ऐलान

मारुति सुजुकी इंडिया, हुंडई मोटर इंडिया और ऑडी ने भी लागत के लगातार बने हुए दबाव का हवाला देते हुए अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। मारुति सुजुकी ने 22 नवंबर, 2026 से चुनिंदा मॉडलों की कीमतें बढ़ा दी हैं। बिक्री की मात्रा के आधार पर कीमतों में अनुमानित औसत बढ़ोतरी लगभग 0.31 प्रतिशत है। हुंडई मोटर इंडिया ने 1 दिसंबर, 2026 से चुनिंदा मॉडलों और ट्रिम्स की कीमतें 8000 रुपये तक बढ़ाने की योजना बनाई है। कीमतों में यह बढ़ोतरी मॉडल और ट्रिम के हिसाब से अलग-अलग होगी।

इसी तरह लग्जरी कार कंपनी ऑडी 1 जनवरी, 2027 से भारत में अपने मॉडलों की कीमतें 2 प्रतिशत तक बढ़ाने वाली है। यह बढ़ोतरी इसके सभी मॉडलों पर लागू होगी।

Hyundai Motor India ने भी कीमतें बढ़ाने का किया ऐलान, 1 दिसंबर से ₹8000 तक महंगी हो जाएंगी गाड़ियां

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।