कार मेकर हुंडई मोटर इंडिया भी अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ा रही है। कंपनी ने 1 दिसंबर, 2026 से चुनिंदा मॉडलों और ट्रिम्स की कीमतें 8000 रुपये तक बढ़ाने की योजना बनाई है। कीमतों में यह बढ़ोतरी मॉडल और ट्रिम के हिसाब से अलग-अलग होगी। कंपनी ने शेयर बाजारों को बताया है कि यह फैसला मुख्य रूप से इनपुट लागत (उत्पादन लागत) में भारी बढ़ोतरी के कारण लिया गया है।
एक्सचेंज फाइलिंग में हुंडई मोटर इंडिया ने कहा कि वैसे तो उसने अब तक अपनी आंतरिक कार्यक्षमता (Internal Efficiencies) और लागत कम करने के उपायों के जरिए बढ़ती लागत का एक बड़ा हिस्सा खुद ही वहन किया है। लेकिन अब बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालना जरूरी हो गया है।
इस डेवलपमेंट के सामने आने के बाद 25 नवंबर को हुंडई मोटर इंडिया के शेयर फोकस में रहेंगे। 24 नंवबर को शेयर बाजार में गुरुनानक जयंती की छुट्टी है। 23 नवंबर को कंपनी का शेयर बीएसई पर लगभग 3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 2150.90 रुपये पर बंद हुआ था। कंपनी का मार्केट कैप 1.74 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है।
मारुति और ऑडी ने भी कीमतें बढ़ाने का किया ऐलान
मारुति सुजुकी इंडिया और ऑडी ने भी लागत के लगातार बने हुए दबाव का हवाला देते हुए अपनी गाड़ियों के दाम बढ़ाने की घोषणा की है। मारुति सुजुकी ने 22 नवंबर, 2026 से चुनिंदा मॉडलों की कीमतें बढ़ा दी हैं। बिक्री की मात्रा के आधार पर कीमतों में अनुमानित औसत बढ़ोतरी लगभग 0.31 प्रतिशत है। कंपनी ने कहा कि लागत घटाने के लगातार प्रयासों के बावजूद मौजूदा दबाव के चलते बढ़ी हुई लागत का एक हिस्सा बाजार पर डालना जरूरी हो गया है। हालांकि ग्राहकों पर इसका असर कम से कम रखने की कोशिश की गई है। इससे पहले मारुति ने अप्रैल-सितंबर 2026 के बीच 3 बार गाड़ियों के दाम बढ़ाए थे। यह बढ़ोतरी कुल मिलाकर एक प्रतिशत से कुछ अधिक थी।
जर्मनी की लग्जरी कार कंपनी ऑडी 1 जनवरी, 2027 से भारत में अपने मॉडलों की कीमतें 2 प्रतिशत तक बढ़ाने वाली है। यह बढ़ोतरी इसके सभी मॉडलों पर लागू होगी। ताजा बढ़ोतरी 2026 में ऑडी इंडिया की ओर से दूसरी बढ़ोतरी है। कंपनी ने इससे पहले इस साल 1 अप्रैल से अपने सभी मॉडलों की कीमतों में 2 प्रतिशत तक की वृद्धि की थी।