टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो ट्यूब्स में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी, किया ओपन ऑफर का ऐलान

Tata Steel ने APL Apollo Tubes के 2.77 करोड़ इक्विटी शेयर खरीदे हैं। यह कंपनी की पेड-अप इक्विटी का 9.99 फीसदी हिस्सा है। ये शेयर प्रमोटर कंपनी S Gupta Holding से खरीदे गए हैं

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 1:39 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Tata Steel ने अतिरिक्त 7.28 करोड़ शेयर खरीदने के लिए ओपन ऑफर का ऐलान किया है।

टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा स्टील ने स्टील पाइप बनाने वाली कंपनी एपीएल अपोलो ट्यूब्स में 9.99 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली है। कंपनी ने 23 नवंबर को ओपन मार्केट ट्रांजैक्शन के जरिए यह हिस्सेदारी प्रमोटर कंपनी एसपी गुप्ता होल्डिंग से खरीदी। करीब 5,825 करोड़ रुपये का यह सौदा दोनों कंपनियों के बीच हुए शेयर खरीद समझौते (Share Purchase Agreement) की पहली किस्त है।

सोमवार को दोनों कंपनियों के शेयर फिसले

इस डील के बावजूद सोमवार को दोनों कंपनियों के शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली थी। NSE पर APL Apollo Tubes का शेयर 21.29 फीसदी टूटकर 1,670 रुपये पर बंद हुआ था। यह 26 सितंबर, 2025 के बाद इसका सबसे निचला क्लोजिंग लेवल है। 23 नवंबर को Tata Steel का शेयर 8.43 फीसदी गिरकर 163 रुपये पर बंद हुआ था। यह 10 दिसंबर, 2025 के बाद इसका सबसे निचला क्लोजिंग स्तर है।


5,825 करोड़ रुपये में खरीदे 2.77 करोड़ शेयर

ब्लॉक डील के आंकड़ों के मुताबिक, Tata Steel ने APL Apollo Tubes के 2.77 करोड़ इक्विटी शेयर खरीदे हैं। यह कंपनी की पेड-अप इक्विटी का 9.99 फीसदी हिस्सा है। ये शेयर प्रमोटर कंपनी S Gupta Holding से खरीदे गए हैं। शेयरों का सौदा 2,100 रुपये प्रति शेयर की पहले से तय कीमत पर हुआ। इस तरह इस पहली किस्त का कुल मूल्य 5,824.99 करोड़ रुपये रहा।

प्रमोटर कंपनी कुल 7.38 करोड़ शेयर बेचेगी

सितंबर 2026 तक S Gupta Holding के पास APL Apollo Tubes में 26.38 फीसदी हिस्सेदारी थी। इसी हिस्सेदारी में से Tata Steel को शेयर बेचे जा रहे हैं। S Gupta Holding, Tata Steel और APL Apollo Tubes के बीच 23 नवंबर को हुए शेयर खरीद समझौते के तहत प्रमोटर कुल 7.38 करोड़ शेयर बेचेगा। ये शेयर कंपनी की पूरी तरह डाइल्यूटेड इक्विटी शेयर पूंजी का 26.38 फीसदी हैं।

Tata Steel ने ₹16,755 करोड़ का ओपन ऑफर पेश किया

Tata Steel ने अतिरिक्त 7.28 करोड़ शेयर खरीदने के लिए ओपन ऑफर का ऐलान किया है। दरअसल, इस अधिग्रहण के बाद SEBI के नियमों के तहत Tata Steel को APL Apollo Tubes के पब्लिक शेयरधारकों के लिए ओपन ऑफर लाना जरूरी है। ओपन ऑफर की कीमत 2,301.40 रुपये प्रति शेयर तय की गई है। इस ऑफर का कुल आकार करीब 16,755.66 करोड़ रुपये है।

यह भी पढ़ें: FIIs Buying: ढहते मार्केट में ₹5673 करोड़ की शॉपिंग, विदेशी निवेशकों ने लगातार 16वें दिन की ताबड़तोड़ खरीदारी

डील पूरी होने के बाद Tata Steel की होगी 52.38% हिस्सेदारी

पूरे सौदे और ओपन ऑफर के पूरा होने के बाद Tata Steel के पास APL Apollo Tubes के कुल 14.66 करोड़ शेयर होने की उम्मीद है। यह कंपनी की विस्तारित वोटिंग शेयर पूंजी का 52.38 फीसदी हिस्सा होगा। इस हिस्सेदारी का मूल्य करीब 32,266.27 करोड़ रुपये आंका गया है। दूसरी तरफ, प्रमोटर S Gupta Holding की हिस्सेदारी घटकर शून्य हो जाएगी। यानी प्रमोटर कंपनी से पूरी तरह बाहर हो जाएगी और APL Apollo Tubes का नियंत्रण Tata Steel के पास आ जाएगा।

 

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।