Auto Sales :ऑटो सेक्टर के लिए अच्छी खबर है। त्योहारी सीजन के दौरान ऑटो सेक्टर में रिकॉर्ड बिक्री दर्ज हुई है। धनतेरस और दिवाली पर अब तक की सबसे बड़ी फेस्टिव बिक्री रही है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) के आंकड़ों के मुताबिक 2026 के 42 दिनों के त्योहारी सीजन में जबरदस्त रौनक रही है। इस दौरान रिटेल बिक्री 2.21 फीसदी बढ़कर ऑल टाइम हाई पर रही है। कुल वाहन रिटेल बिक्री 55 लाख यूनिट्स के पार जाती दिखी है। एक कैलेंडर ईयर में हुई बिक्री 3 करोड़ यूनिट के माइल स्टोन के करीब आ गई है। ऑटो बिक्री में रफ्तार का आलम यह है कि इसमें 2 साल में 24% का उछाल देखने को मिला है।
अलग-अलग सेगमेंट की बात करें तो कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट की बिक्री में सालाना आधार पर 26 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। वहीं, थ्री-व्हीलर्स की बिक्री में सालाना आधार पर 5.3 फीसदी की बढ़त नजर आई है। जबकि, CV सेगमेंट की ग्रोथ में सालाना 7 फीसदी की बढ़त रही है। सालाना आधार पर टू-व्हीलर्स की बिक्री 3.67 फीसदी और ट्रैक्टर्स की बिक्री 2.24 फीसदी बढ़ी है। हालांकि इस अवधि में पैसेंजर व्हीकल्स की बिक्री में 7 फीसदी की गिरावट आई है।
पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में रही कमजोरी
इस दौरान पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट में 7.16 प्रतिशत की गिरावट देखने के लिए मिली है। फेस्टिव सीजन 2026 में कुल 7,48,616 पैसेंजर वाहन बिके,जबकि पिछले साल यह आंकड़ा 8,06,322 गाड़ियों का था। FADA के मुताबिक,इसकी एक वजह पिछले साल GST 2.0 से जुड़ी मांग के कारण बना मजबूत बिक्री आधार रहा। हालांकि, 2024 के मुकाबले इस सेगमेंट की बिक्री 16.43 प्रतिशत ज्यादा रही है। FADA ने बताया कि नवरात्रि के दौरान पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 18 प्रतिशत से ज्यादा नीचे गिरी, लेकिन धनतेरस और दिवाली के आसपास मांग बढ़ने से गिरावट कम हुई। कुछ त्योहारी बुकिंग की डिलीवरी अभी भी जारी है।
देश में पहली बार EV की बिक्री 5 लाख के पार चली गई है। कुल EV रिटेल बिक्री 53% बढ़कर 509667 यूनिट्स रही है, जबकि पिछले साल 3,33,935 गाड़ियों की बिक्री हुई थी। 2024 के मुकाबले EV बिक्री 67.55 प्रतिशत बढ़ोतरी हुई है। इसमें इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों का सबसे बड़ा योगदान रहा है। हर 10 में से करीब 1 वाहन इलेक्ट्रिक बिका है। इस फेस्टिव सीजन में बिके कुल वाहनों में लगभग 10% हिस्सा EVs का रहा है। EV सेगमेंट की सालाना ग्रोथ की बात करें तो EV कमर्शियल व्हीकल की बिक्री 154% बढ़ी है। वहीं, EV पैसेंजर व्हीकल की बिक्री 73% बढ़ी है। EV टू- व्हीलर की बिक्री 61% और EV थ्री-व्हीलर की बिक्री 25% बढ़ी है।