Nifty-500 कंपनियों का मुनाफा Q2 में 32% उछला, 12 तिमाहियों की सबसे तेज ग्रोथ, इस सेक्टर ने लगाई 76% की छलांग

Nifty 500 earnings Q2FY27, Q2FY27 earnings review, Q2 results 2026, corporate earnings growth India, India Inc earnings, Nifty 500 profit growth, Motilal Oswal India Strategy report, MOFSL report, metal sector profit growth, smallcap earnings growth, midcap earnings growth, stock market outlook India

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 11:52 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Motilal Oswal की रिपोर्ट के मुताबिक Q2FY27 में Nifty-500 कंपनियों का कुल मुनाफा सालाना आधार पर 32 फीसदी बढ़ा, जो 12 तिमाहियों की सबसे तेज ग्रोथ है।

कमाई के मामले में देश की कंपनियों के लिए जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही शानदार रही। ब्रोकरेज फर्म Motilal Oswal Financial Services (MOFSL) की रिपोर्ट के मुताबिक Q2FY27 में Nifty-500 कंपनियों का कुल नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 32 फीसदी उछला। ये पिछली 12 तिमाहियों की सबसे तेज ग्रोथ है।

सेल्स, EBITDA और मुनाफा

MOFSL ने अपनी November 2026 India Strategy रिपोर्ट में कहा, "मजबूत डिमांड, टिकी हुई घरेलू आर्थिक स्थिति, अच्छे ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस और उम्मीद से बेहतर मार्जिन ने इस दमदार प्रदर्शन को सहारा दिया, और ये सब ग्लोबल अनिश्चितताओं और बाजार के उतार चढ़ाव के बावजूद हुआ।"


तिमाही के दौरान Nifty-500 यूनिवर्स की सेल्स सालाना आधार पर 25 फीसदी, EBITDA 24 फीसदी और PAT 32 फीसदी बढ़ा। ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को हटा दें, तो सेल्स, EBITDA और PAT में 23, 23 और 30 फीसदी की ग्रोथ रही। ये FY22 के बाद की सबसे मजबूत तिमाही अर्निंग्स ग्रोथ है। OMCs को छोड़कर Nifty-500 कंपनियों की कमाई FY27 की पहली छमाही में 27 फीसदी बढ़ी।

मेटल, ऑयल एंड गैस और फाइनेंशियल्स ने खींची गाड़ी

सेक्टर के हिसाब से देखें तो मेटल सबसे आगे रहा, जिसका मुनाफा सालाना आधार पर 76 फीसदी बढ़ा। ऑयल एंड गैस 61 फीसदी और फाइनेंशियल्स 20 फीसदी ग्रोथ के साथ उसके पीछे रहे। MOFSL के मुताबिक इन 3 सेक्टर्स ने मिलकर Nifty-500 यूनिवर्स की बढ़ी हुई कमाई में करीब 68 फीसदी योगदान दिया। मतलब मुनाफे में जो बढ़त आई, उसके हर 100 रुपये में से करीब 68 रुपये इन्हीं 3 सेक्टर्स से आए।

दूसरे सेक्टर्स ने भी अच्छा प्रदर्शन किया। यूटिलिटीज का मुनाफा 46 फीसदी, सीमेंट का 43 फीसदी, ऑटोमोबाइल का 34 फीसदी और कैपिटल गुड्स का 28 फीसदी बढ़ा। फाइनेंशियल्स के अंदर बैंकों का मुनाफा 20 फीसदी और NBFC लेंडिंग कंपनियों का 21 फीसदी बढ़ा।

कंज्यूमर, हेल्थकेयर और IT रहे पीछे

हर सेक्टर में एक जैसी चमक नहीं दिखी। रिपोर्ट के मुताबिक कंज्यूमर कंपनियों का मुनाफा 2 फीसदी ही बढ़ा, जबकि हेल्थकेयर में 13 फीसदी और टेक्नोलॉजी में 10 फीसदी की ग्रोथ रही। इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सर्विसेज (EMS) को छोड़कर बाकी हर सेक्टर की कमाई इस तिमाही में बढ़ी।

स्मॉलकैप ने मारी बाजी

कमाई की ये बढ़त लार्ज, मिड और स्मॉल, तीनों तरह की कंपनियों में दिखी। OMCs को छोड़कर लार्जकैप कंपनियों ने 31 फीसदी मुनाफा ग्रोथ के साथ मजबूत रिकवरी दिखाई। OMCs को छोड़कर मिडकैप कंपनियों की ग्रोथ 26 फीसदी रही, जबकि स्मॉलकैप 34 फीसदी ग्रोथ के साथ सबसे आगे बने रहे।

इंडेक्स लेवल पर Nifty-100 कंपनियों की कमाई 34 फीसदी और Nifty Midcap-150 की 24 फीसदी बढ़ी। Nifty-500 की 50 फीसदी से ज्यादा कंपनियों ने इस तिमाही में 15 फीसदी से ज्यादा की अर्निंग्स ग्रोथ दर्ज की, जबकि सिर्फ 4 फीसदी कंपनियां घाटे में रहीं।

मार्जिन में भी सुधार, मेटल सबसे आगे

ऑपरेटिंग परफॉर्मेंस भी उत्साह बढ़ाने वाला रहा। फाइनेंशियल्स को छोड़कर Nifty-500 कंपनियों का EBITDA मार्जिन 2QFY27 में सालाना आधार पर 20 बेसिस पॉइंट बढ़कर 17.4 फीसदी पर पहुंच गया। 19 नॉन फाइनेंशियल सेक्टर्स में से 10 के मार्जिन में सुधार आया।

मेटल सेक्टर का EBITDA मार्जिन 280 बेसिस पॉइंट उछलकर 20.5 फीसदी पर पहुंचा। इसे मेटल की अच्छी कीमतों और ऊंचे प्रीमियम से सहारा मिला।

लागत और सप्लाई चेन पर रखनी होगी नजर

MOFSL ने कहा, "लार्जकैप कंपनियों में रिकवरी और स्मॉल व मिडकैप सेगमेंट में लगातार बने मोमेंटम के दम पर कॉरपोरेट कमाई में चौतरफा सुधार उत्साह बढ़ाने वाला है। लेकिन इनपुट कॉस्ट का दबाव, सप्लाई चेन में रुकावटें और बाजार का उतार चढ़ाव अब भी नजर रखने वाले मुद्दे बने हुए हैं।"

बाजार पर MOFSL का भरोसा कायम

ब्रोकरेज ने भारतीय बाजार को लेकर कंस्ट्रक्टिव नजरिया बरकरार रखा है। इसके पीछे कई वजहें हैं, जिनमें मजबूत होता अर्निंग्स मोमेंटम, कई सेक्टर्स में कई साल के निचले स्तर पर वैल्यूएशन, मजबूत घरेलू मैक्रोइकोनॉमिक हालात, हाल के ऊंचे स्तर से नरम पड़ते कच्चे तेल के दाम और फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (FII) का मजबूत इनफ्लो शामिल हैं।

MOFSL ने कहा, "आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), जियोपॉलिटिकल घटनाक्रम, महंगाई और ब्याज दरों से जुड़ी ग्लोबल अनिश्चितताएं अहम फैक्टर बनी हुई हैं, जिन पर नजर रखनी होगी।"

Varvee Global का स्टॉक फिर होगा स्प्लिट, रिकॉर्ड डेट 27 नवंबर; 2 साल में 55% और 3 साल में 335% चढ़ा

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।