FIIs Buying: एक कारोबारी दिन पहले मार्केट में मचे हाहाकार का विदेशी निवेशकों ने फायदा उठाया और ₹5,672.99 करोड़ के शेयरों की नेट खरीदारी कर ली। मुहर्त ट्रेडिंग को ₹25 लाख की हल्की बिक्री को छोड़ यह लगातार 16वां कारोबारी दिन रहा, जब विदेशी निवेशकों ने बिकवाली से अधिक खरीदारी की। इन 16 दिनों में उन्होंने ₹121,220.92 करोड़ के नेट शेयर खरीदे। वहीं DIIs (घरेलू संस्थागत निवेशकों) की बिकवाली लगातार चौथे कारोबारी दिन जारी रही और उन्होंने 23 नवंबर को ₹2,760.12 करोड़ के शेयरों की नेट बिक्री की और चार दिनों में ₹12,136.39 करोड़ की नेट बिक्री की।
विदेशी निवेशकों को भारतीय मार्केट काफी लुभा रहा है। न्यूज एजेंसी ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के मुताबिक इस महीने नवंबर में अब तक उभरते बाजारों में सबसे अधिक भारतीय मार्केट में विदेशी निवेशकों ने पैसे डाले। एशिया में मलेशिया और फिलीपींस में भी FIIs ने कुछ खरीदारी की तो दूसरी तरफ ताइवान के मार्केट से सबसे अधिक निकासी की और फिर दक्षिण कोरिया से।
FII खरीदारी के बावजूद Sensex-Nifty में बड़ी गिरावट
विदेशी निवेशकों की ताबड़तोड़ खरीदारी के बावजूद मुनाफावसूली का दबाव मार्केट पर भारी पड़ गया और मार्केट में हाहाकार मच गया। घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स और निफ्टी में करीब पांच महीने में इंट्रा-डे में सबसे बड़ी गिरावट आई। लगातार दो कारोबारी दिन 1-1% से अधिक ऊपर चढ़ने के बाद सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी डेढ़-डेढ़ फीसदी से अधिक फिसल गए।
सोमवार को सेंसेक्स 1483.72 प्वाइंट्स यानी 1.77% की गिरावट के साथ 82,435.99 और निफ्टी भी 450.95 प्वाइंट्स यानी 1.75% की फिसलन के साथ 25,349.65 पर बंद हुआ था। डे-हाई से तो सेंसेक्स 2267.08 प्वाइंट्स टूटकर 82,395.88 और निफ्टी 648.75 प्वाइंट्स फिसलकर 25,343.85 तक आ गया था।
इस गिरावट से पहले नवंबर में सेंसेक्स और निफ्टी 11-11% मजबूत हुए थे, जोकि अप्रैल 2020 के बाद सबसे अधिक और 2009 के बाद सबसे अच्छा नवंबर था। इस तेजी में निफ्टी के 42 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए थे और सबसे अधिक तेजी मैक्स हेल्थकेयर (Max Healthcare), मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki), महिंद्रा एंड महिंद्रा (Mahindra & Mahindra), श्रीराम फाइनेंस (Shriram Finance), एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank) और बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) में रही।
सोमवार को बैंकिंग शेयरों ने मचाया कोहराम
एक कारोबारी दिन पहले 23 नवंबर को फाइनेंशियल स्टॉक्स की बिकवाली ने मार्केट पर दबाव बनाया। निफ्टी बैंक 2,049.85 प्वाइंट्स टूटकर 62,585.35 पर बंद हुआ था। सोमवार को इसके सभी 14 शेयर लाल रहे। सबसे अधिक गिरावट यूनियन बैंक, इंडसइंड बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और एक्सिस बैंक में रही।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।