Lenskart में स्टेडव्यू कैपिटल मैनेजमेंट ने बेचे ₹921 करोड़ के शेयर, गोल्डमैन सैक्स और सोसाइटे जेनरल रहीं बायर

Lenskart Solutions ने 10 नवंबर, 2025 को शेयर बाजार में एंट्री की थी। इसका IPO 7278.02 करोड़ रुपये का था। कंपनी का मार्केट कैप 1.24 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 8:52 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
स्टेडव्यू कैपिटल की ओर से Lenskart में बेचे गए सभी शेयर गोल्डमैन सैक्स और सोसाइटे जेनरल ने खरीदे।

चश्मा बनाने वाली कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड में ब्लॉक डील के जरिए लगभग 921 करोड़ रुपये के शेयरों की बिक्री हुई है। रवि मेहता की ग्लोबल इनवेस्टमेंट फर्म 'स्टेडव्यू कैपिटल मैनेजमेंट' ने 23 नवंबर को ओपन-मार्केट ट्रांजेक्शंस के जरिए शेयर बेचे। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के ब्लॉक डील डेटा के अनुसार, स्टेडव्यू कैपिटल मैनेजमेंट के इनवेस्टमेंट व्हीकल 'स्टेडव्यू कैपिटल मॉरीशस-FDI' ने 1.15 करोड़ इक्विटी शेयरों की बिक्री की है। एक अन्य स्कीम 'LTR फोकस फंड-FDI' ने 11.77 लाख शेयर बेचे हैं।

इन दोनों एंटिटीज ने कुल मिलाकर लेंसकार्ट में लगभग 1.26 करोड़ इक्विटी शेयर बेचे हैं। शेयरों की यह संख्या कंपनी की पेड-अप इक्विटी के 0.73 प्रतिशत के बराबर है। इसके बदले उन्हें कुल 920.58 करोड़ रुपये मिले। सौदे के तहत खरीदारों की बात करें तो स्टेडव्यू कैपिटल की ओर से बेचे गए सभी शेयर गोल्डमैन सैक्स और सोसाइटे जेनरल ने खरीदे।

सोसाइटे जेनरल-ODI ने लेंसकार्ट में 447.78 करोड़ रुपये में 61.76 लाख शेयर हासिल किए। वहीं गोल्डमैन सैक्स इनवेस्टमेंट्स मॉरीशस I और गोल्डमैन सैक्स बैंक यूरोप SE-ODI ने मिलकर 472.79 करोड़ रुपये में 65.21 लाख शेयर खरीदे। 23 नवंबर को BSE पर लेंसकार्ट का शेयर 4 प्रतिशत गिरावट के साथ 714.30 रुपये पर बंद हुआ। 24 नवंबर को शेयर बाजार में गुरुनानक जयंती की छुट्टी है।


नवंबर की शुरुआत में बिके थे ₹1896 करोड़ के शेयर

लेंसकार्ट में नवंबर महीने की शुरुआत में सॉफ्टबैंक ग्रुप ने सहयोगी कंपनी सॉफ्टबैंक विजन फंड (SVF) II लाइटबल्ब (केमैन) के जरिए 1,896.24 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। ब्लॉक डील के आंकड़ों के अनुसार, 1.56 प्रतिशत हिस्सेदारी या 2.72 करोड़ शेयरों की बिक्री हुई थी। सॉफ्टबैंक द्वारा बेचे गए सभी शेयरों को 13 घरेलू और वैश्विक संस्थागत निवेशकों ने खरीदा। गोल्डमैन सैक्स सबसे बड़ी खरीदार रही, जिसने लेंसकार्ट में 640.26 करोड़ रुपये के 91.84 लाख शेयर खरीदे।

अन्य खरीदारों में सोसाइटे जेनरल ODI, विलियम ब्लेयर इनवेस्टमेंट मैनेजमेंट, कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड, नॉर्जेस बैंक, BNP पारिबा फाइनेंशियल मार्केट्स, UTI AMC, द नॉर्दर्न ट्रस्ट कंपनी, शिकागो का 'पब्लिक स्कूल टीचर्स पेंशन एंड रिटायरमेंट फंड', फ्लोरिडा रिटायरमेंट सिस्टम, टेक्सास म्युनिसिपल रिटायरमेंट सिस्टम, HDFC स्टैंडर्ड लाइफ इंश्योरेंस कंपनी और NRSGVCC शामिल रहे।

इस साल अगस्त में SVF II लाइटबल्ब केमैन ने ब्लॉक डील के जरिए लेंसकार्ट में 2,887.9 करोड़ रुपये के 4.5 करोड़ शेयर बेचे थे। खरीदारों में सोसाइटे जेनरल ओडीआई, गोल्डमैन सैक्स, मोतीलाल ओसवाल म्यूचुअल फंड, वैनगार्ड ग्रुप, मॉर्गन स्टेनली, SBI म्यूचुअल फंड, निप्पॉन इंडिया, HDFC म्यूचुअल फंड जैसे कई घरेलू और वैश्विक निवेशक शामिल थे।

Stock Market Holidays: आज 24 नवंबर को गुरु नानक जयंती पर शेयर बाजार बंद, BSE और NSE पर नहीं होगी ट्रेडिंग

अक्टूबर में भी Lenskart में हुई थी ब्लॉक डील

अक्टूबर में लेंसकार्ट में ब्लॉक डील के जरिए 2.93 करोड़ शेयरों की बिक्री हुई थी। इन शेयरों की कुल वैल्यू 1,895 करोड़ रुपये बताई गई थी। खबर थी कि अल्फा वेव वेंचर्स LP विक्रेता हो सकती है। इससे पहले Alpha Wave Ventures LP ने अगस्त महीने में ब्लॉक डील के जरिए लेंसकार्ट के 2.95 करोड़ शेयर या 1.7 प्रतिशत इक्विटी 1,857 करोड़ रुपये में बेची थी। खरीदारों में नेशनल पेंशन सिस्टम, ICICI प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड और व्हाइटओक कैपिटल म्यूचुअल फंड शामिल थे। सितंबर 2026 में अबू धाबी इनवेस्टमेंट अथॉरिटी ने लेंसकार्ट में अपनी 2.01 प्रतिशत हिस्सेदारी कम कर दी और 2,390 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सॉफ्टबैंक ने जून में भी बेचे थे शेयर

इस साल जून में सॉफ्टबैंक समूह ने SVF II लाइटबल्ब (केमैन) के जरिए लेंसकार्ट में 3.25 प्रतिशत हिस्सेदारी बेची थी। उस वक्त 5,65,00,000 शेयर बेचे गए थे और ट्रांजेक्शन की वैल्यू 2,873.30 करोड़ रुपये रही थी। व्हाइटओक कैपिटल म्यूचुअल फंड (MF), मिरे एसेट MF, कोटक MF, केनरा रोबेको MF, ICICI प्रूडेंशियल MF, HDFC लाइफ इंश्योरेंस कंपनी, ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस, सोसाइटी जेनरल, मेट्जलर एसेट मैनेजमेंट, गोल्डमैन सैक्स, फिडेलिटी, कॉप्थॉल मॉरीशस इनवेस्टमेंट, इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड, और डेंडाना इनवेस्टमेंट्स (मॉरीशस) लिमिटेड खरीदार रहे थे।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।