RVNL Order Win: सरकारी रेल कंपनी के हाथ लगा ₹87 करोड़ का बड़ा ऑर्डर! आज शेयरों पर रहेगी नजर

RVNL Bags Contract From NMDC: सरकारी रेल कंपनी रेल विकास निगम लिमिटेड को NMDC से ₹86.58 करोड़ का नया ऑर्डर मिला है। इसके तहत कंपनी छत्तीसगढ़ के किरंदुल में महिलाओं और बच्चों के इलाज के लिए सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल बनाएगी। यह प्रोजेक्ट 14 महीने में पूरा करना होगा। जानिए कंपनी के तिमाही नतीजे और शेयरों का ताजा अपडेट...

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 8:42 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
सितंबर तिमाही में रेल विकास निगम लिमिटेड के मुनाफे में अच्छी बढ़त हुई है

RVNL Share Price: सरकारी रेल कंपनी रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) के हाथ एक बड़ा प्रोजेक्ट लगा है। कंपनी ने सोमवार, 23 नवंबर को जानकारी दी कि उसे NMDC लिमिटेड से लेटर ऑफ अवार्ड (LoA) प्राप्त हुआ है।

इस ऑर्डर के तहत RVNL छत्तीसगढ़ के किरंदुल में महिला एवं शिशु देखभाल के लिए एक आधुनिक सुपर-स्पेशलिटी अस्पताल का निर्माण करेगी। इस प्रोजेक्ट की कुल लागत GST समेत ₹86.58 करोड़ तय की गई है।

14 महीने में पूरा करना होगा प्रोजेक्ट


कंपनी की ओर से दी गई रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, इस अस्पताल के निर्माण कार्य को 14 महीने की समयसीमा के भीतर पूरा करना होगा। RVNL ने स्पष्ट किया है कि यह अनुबंध उसके सामान्य व्यावसायिक कामकाज का हिस्सा है। यह ऑर्डर एक घरेलू इकाई द्वारा दिया गया है और इसमें सामान्य अनुबंध शर्तें लागू होंगी।

कैसा रहा दूसरी तिमाही का प्रदर्शन?

सितंबर तिमाही (Q2) में रेल विकास निगम लिमिटेड के मुनाफे में अच्छी बढ़त दर्ज की गई है। नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 8.3% बढ़कर ₹249.5 करोड़ पर पहुंच गया, जो पिछले साल की समान तिमाही में ₹230.3 करोड़ था। रेवेन्यू सालाना आधार पर 8.2% घटकर ₹4,701 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹5,123 करोड़ था।

वहीं ऑपरेशनल स्तर पर कंपनी का प्रदर्शन मजबूत रहा और EBITDA 19.5% बढ़कर ₹264 करोड़ हो गया (पिछले साल यह ₹221 करोड़ था)। EBITDA मार्जिन पिछले साल के 4.3% से सुधरकर 5.6% पर पहुंच गया है।

जॉइंट वेंचर के लिए ₹375 करोड़ की कॉरपोरेट गारंटी को मंजूरी

इसके अलावा, RVNL के बोर्ड ने अपने जॉइंट वेंचर काइनेट रेलवे सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड (KRSL) के लिए एक अहम फैसला लिया है। बोर्ड ने एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक ऑफ इंडिया के पक्ष में ₹375 करोड़ तक की बिना शर्त और अपरिवर्तनीय कॉरपोरेट गारंटी जारी करने की मंजूरी दी है।

यह गारंटी KRSL द्वारा लिए जाने वाले ₹1,500 करोड़ के प्रस्तावित टर्म लोन के लिए दी जा रही है। बता दें कि KRSL में RVNL की 25% इक्विटी हिस्सेदारी है। कंपनी ने कहा कि यह लेनदेन आर्म्स-लेंथ आधार पर किया जाएगा और टर्म शीट की शर्तों, Exim Bank के अंतिम दस्तावेजों और सभी नियामक नियमों के अधीन होगा।

शेयर बाजार में RVNL का हाल

कारोबार के अंत में बीएसई (BSE) पर रेल विकास निगम लिमिटेड के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। कंपनी का शेयर ₹5.65 या 2.96% टूटकर ₹185.50 के भाव पर बंद हुआ।

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। शेयर बाजार में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। पैसा लगाने से पहले हमेशा अपने वित्तीय सलाहकार या एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। मनीकंट्रोल की ओर से किसी को भी पैसा लगाने की कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।