बिस्लेरी के खिलाफ FSSAI का एक्शन, 4 अरब डॉलर की पूरी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर इंडस्ट्री सवालों के घेरे में
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि बिसलेरी के खिलाफ की गई कार्रवाई से ब्रांड की छवि को नुकसान पहुंच सकता है और उपभोक्ताओं का भरोसा डगमगा सकता है। FSSAI के एक्शन, 4 अरब डॉलर की पूरी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर इंडस्ट्री सवालों के घेरे में आ गई है
कानून के जामकारों का कहना है कि बिस्लेरी अदालत से हस्तक्षेप की मांग तो कर सकती है, लेकिन FSSAI का मुकदमा करने का फैसला अपने आप में इतना काफी नहीं होगा कि अदालत इसमें दखल दे
पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर में गुणवत्ता संबंधी कमियों को लेकर बिसलेरी इंटरनेशनल ( Bisleri International) के खिलाफ की गई नियामक कार्रवाई ने इस इंडस्ट्री के सुरक्षा मानकों को जांच के दायरे में ला दिया है। FSSAI ने बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। बिसलेरी का एक सैंपल ब्रोमेट के निर्धारित मानकों को पूरा करने में विफल रहा है। बाद में हुई प्रयोगशाला जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) पाए गए।
इन नतीजों ने कंपनी में क्वालिटी चेक को लेकर चिंताएं पैदा कर दी हैं। इस कंपनी का मार्केट शेयर सबसे बड़ा है और इसके उत्पादों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है। बिस्लेरी ने इन नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि उसका बोतलबंद पानी पीने के लिए सुरक्षित है।
सरकारी सूत्र ने बताया है कि FSSAI सभी पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर कंपनियों के नमूनों की जांच करने की तैयारी में है और नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगा। अब यह पूरी इंडस्ट्री ही जांच के दायरे में है।
FSSAI ने मनीकंट्रोल के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया है।
कंसल्टिंग फर्म 'द नॉलेज कंपनी'(जो पहले टेक्नोपैक एडवाइजर्स थी) के पार्टनर अंकुर बिसेन ने कहा कि सभी कंपनियां अपने क्वालिटी चेक को बढ़ा देंगी जिससे यह पक्का हो सके कि उनके उत्पाद FSSAI के नियमों के मुताबिक हैं।
बिस्लेरी के खिलाफ कार्रवाई के क्या होंगे मायने?
इंडस्ट्री के अनुमानों के अनुसार,भारत के पैक्ड ड्रिंकिंग वॉटर सेगमेंट में बिस्लेरी की सबसे ज्यादा हिस्सेदारी है। 2025 में इस सेगमेंट की वैल्यू लगभग 3.6 अरब डॉलर आंकी गई है,जिसमें बिस्लेरी की हिस्सेदारी 30 प्रतिशत से अधिक थी। एक लीटर की बोतल की कीमत 20 रुपये है और बिस्लेरी के उत्पाद ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से बेचे जाते हैं। D2C प्लेटफॉर्म के अलावा,कंपनी का डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क भारत और UAE में फैला हुआ है, जिसमें 6,000 से अधिक डिस्ट्रीब्यूटर और 7,500 ट्रक शामिल हैं।
बिस्लेरी को कोका-कोला के 'किनले', पेप्सिको के 'एक्वाफिना' और क्षेत्रीय ब्रांडों को टक्कर लेनी होती है। स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती चिंताओं और साफ पीने के पानी की कमी ने भारत के बोतलबंद पानी के बाजार में तेजी आई है। इसके चलते घर के अंदर और बाहर,दोनों जगह इसकी खपत बढ़ रही है।
बिजनेस और ब्रांड-स्ट्रेटेजी एक्सपर्ट हरीश बीजोर का कहना है कि भारतीय बाजार में बिस्लेरी, एक तरह से पानी का सबसे आम और बड़ा ब्रांड है। जब किसी बड़े और लोकप्रिय ब्रांड पर ब्रोमेट और PAH के स्तर को लेकर सवाल उठते हैं तो यह उस ब्रांड के लिए एक गंभीर मामला बन जाता है। इससे बिस्लेरी की ब्रांड इमेज को नुकसान पहुंचना तय है।"
बाजार जनकारों का कहना है कि किन्ले,एक्वाफिना और पार्ले एग्रो की बेली जैसे ब्रॉन्ड अब गुणवत्ता और नियमों के पालन की जांच को और मजबूत कर सकते हैं। कंपनियों को भेजे गए सवालों का कोई जवाब नहीं मिला।
अंकुर बिसेन ने कहा, "FSSAI का संदेश साफ है। रेगुलेटरी और खाद्य सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को हल्के में नहीं लिया जा सकता।"
बिस्लेरी ने क्या कहा ?
FSSAI के निष्कर्षों पर सवाल उठाते हुए, बिस्लेरी ने कहा है कि बाद में हुई लैब जांच में ब्रोमेट का स्तर तय सीमा के भीतर पाया गया और इसलिए उनके लिए यह मामला अब खत्म हो गया है।
गौरतलब है कि FSSAI की मंजूरी से 'खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006' (Food Safety and Standards Act, 2006) के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू की जा सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि कोई गलती साबित हो गई है। यह निष्कर्ष अभी भी कानूनी प्रक्रिया के दायरे में हैं।
सितंबर 2025 में, FSSAI ने बिस्लेरी की गोवा स्थित इकाई से छह नमूने लिए थे। कंपनी के अनुसार, पांच नमूने तय मानकों के अनुरूप थे, जबकि एक नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाई गई, जो कि 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर की मान्य सीमा से अधिक है।
बिस्लेरी ने इस निष्कर्ष को चुनौती दी, जिसके बाद नमूने को आगे की जांच के लिए एक रेफरल प्रयोगशाला में भेजा गया। कंपनी ने बताया कि रेफरल प्रयोगशाला को नमूने में ब्रोमेट तो निर्धारित सीमा के भीतर मिला, लेकिन उसमें PAH (PAHs) की मौजूदगी का पता चला। बिस्लेरी ने FSSAI से मान्यता प्राप्त एक और प्रयोगशाला में जांच करवाई, जिसमें भी ब्रोमेट का स्तर स्वीकार्य सीमा के भीतर ही पाया गया।
यह असहमति दो अलग-अलग प्रयोगशालाओं के नतीजों को लेकर है।
ओज़ोन वाटर ट्रीटमेंट के दौरान बनने वाले ब्रोमेट पर सख्त सेफ्टी लिमिट लागू होती हैं,जबकि पर्यावरणीय कंटेमिनेशन से आने वाले कुछ PAH हेल्थ से जुड़े खतरे पैदा करते हैं। ब्रोमेट के विषाक्त प्रभावों में जी मिचलाना,उल्टी आना और पेट दर्द शामिल हैं।
हालांकि बिसलेरी ने ब्रोमेट के बारे में बात की, लेकिन उसने यह नहीं बताया कि क्या उसकी स्वतंत्र जांच में PAH के लिए भी जांच की गई थी। कंपनी का यह मानना कि मामला बंद हो गया है, इस बात को साबित नहीं करता कि रेगुलेटर ने औपचारिक रूप से कार्यवाही खत्म कर दी है।
बिस्लेरी किन आधारों पर FSSAI को दे सकती है चुनौती ?
कानून के जामकारों का कहना है कि बिस्लेरी अदालत से हस्तक्षेप की मांग तो कर सकती है, लेकिन FSSAI का मुकदमा करने का फैसला अपने आप में इतना काफी नहीं होगा कि अदालत इसमें दखल दे।
केएस लीगल एंड एसोसिएट्स की मैनेजिंग पार्टनर सोनम चंदवानी ने कहा,"अगर सैंपलिंग प्रक्रिया में कोई खामी हो, प्रयोगशाला के नतीजों में विसंगतियां हों, टेस्ट के नतीजों को चुनौती देने का उचित मौका न दिया गया हो, या तय कानूनी प्रक्रिया का पालन न किया गया हो तो बिस्लेरी के पास हाई कोर्ट जाने का आधार होगा। कानूनी कार्यवाही शुरू होने पर कंपनी इन मुद्दों को सक्षम आपराधिक अदालत के सामने भी उठा सकती है।"
उन्होंने आगे कहा कि बिस्लेरी की बाजार में बड़ी पैठ को देखते हुए, कंपनी की प्रतिष्ठा और व्यावसायिक स्तर पर इसके परिणाम काफी गंभीर हो सकते हैं। कंपनी अदालत से अंतरिम राहत की मांग कर सकती है।