रघुराम राजन ने Nvidia में कॉरपोरेट गवर्नेंस पर उठाए सवाल, AI में निवेश के लिए तेजी से बढ़ते कर्ज पर जताई चिंता

आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने एनवीडिया में कॉरपोरेट गवर्नेंस और उसकी लीडरशिप को लेकर सवाल उठाए हैं। हालांकि, एनवीडिया के प्रमुख पद पर जेन्सन हुआंग की अचानक वापसी के बाद कंपनी के शेयरों में जबर्दस्त तेजी आई है

अपडेटेड Nov 24, 2026 पर 5:01 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
राजन शिकागो यूनिवर्सिटी के बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस में फाइनेंस के प्रोफेसर हैं।

दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के बढ़ते इस्तेमाल के बीच अमेरिकी चिप कंपनी एनवीडिया एक बार फिर चर्चा में है। आरबीआई के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन ने कंपनी में कॉरपोरेट गवर्नेंस और उसकी लीडरशिप को लेकर सवाल उठाए हैं। एनवीडिया के प्रमुख पद पर जेन्सन हुआंग की अचानक वापसी के बाद कंपनी के शेयरों में जबर्दस्त तेजी आई है। इसके बाद राजन ने पूछा है कि हुआंग के नेतृत्व पर किस तरह के नियंत्रण और निगरानी की व्यवस्था होगी?

हुआंग की वापसी में सरकार की भूमिका पर सवाल 

राजन शिकागो यूनिवर्सिटी के बूथ स्कूल ऑफ बिजनेस में फाइनेंस के प्रोफेसर हैं। उन्होंने पूछा है कि हुआंग की वापसी में अमेरिकी सरकार की क्या भूमिका रही और नए कार्यकाल में कंपनी के भीतर जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए किस तरह के चेक एंड बैलेंस मौजूद होंगे।


किसी कंपनी में कथित गड़बड़ी पर निष्पक्ष जांच 

ब्लूमबर्ग टेलीविजन की हसलिंडा अमीन को दिए इंटरव्यू में राजन ने कहा, "क्या उन पर नियंत्रण और निगरानी की व्यवस्था होगी?" उन्होंने यह भी सवाल किया कि अगर कंपनी में किसी तरह की गड़बड़ी होती है तो क्या उसकी पूरी तरह निष्पक्ष जांच की जाएगी। चीन की एक जासूस से कथित नजदीकी संबंध के आरोप लगने के बाद हुआंग ने करीब दो हफ्ते पहले एनवीडिया के सीईओ पद से इस्तीफा दे दिया था।

हुआंग की वापसी से टेक शेयरों को मिला सहारा

जेन्सन हुआंग की वापसी से हालांकि टेक्नोलॉजी शेयरों में निवेशकों का भरोसा बहाल हुआ है। इससे पहले उनके कंपनी के सीईओ पद से हटने की खबर से बाजार में चिंता बढ़ गई थी। राजन ने AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहे भारी निवेश को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका मानना है कि यह एनवीडिया में कॉर्पोरेट गवर्नेंस से ज्यादा बड़ा मसला है।

एआई में निवेश के लिए कर्ज से जुटाए जा रहे पैसे

दुनियाभर में कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करने के लिए खरबों डॉलर खर्च किए जा रहे हैं। इसमें से बड़ी रकम कर्ज के जरिए जुटाई जा रही है। राजन ने सवाल उठाया कि क्या भविष्य में इस निवेश से मिलने वाला रिटर्न इतना होगा कि इस भारी खर्च को जायज ठहराया जा सके।

2008 में आए वैश्विक वित्तीय संकट से तुलना

राजन ने अमेरिकी वित्तीय कंपनी American International Group (AIG) का उदाहरण देते हुए Nvidia की मौजूदा स्थिति की ओर ध्यान दिलाया। AIG 2008 के वैश्विक वित्तीय संकट के दौरान बड़ी मुश्किलों में फंस गई थी। राजन के मुताबिक, कुछ लोगों की नजर में Nvidia ऐसी कंपनी बन गई है जो कई कंपनियों और कारोबारों के बीच होने वाले समझौतों के केंद्र में है और इस तरह AI बूम को बनाए रखने में अहम भूमिका निभा रही है।

एआई से लगाई जा रही जरूरत से ज्यादा उम्मीद

हालांकि, उन्होंने फिलहाल इसे बड़ा सिस्टमेटिक रिस्क नहीं बताया। लेकिन उनका कहना है कि जिस पैमाने पर निवेश की योजनाएं बनाई जा रही हैं, उसे देखते हुए भविष्य में यह जोखिम बढ़ सकता है। AI सेक्टर में तेजी को राजन ने सीधे तौर पर बुलबुला (Bubble) कहने से भी परहेज किया। हालांकि, उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि इस क्षेत्र में जरूरत से ज्यादा उम्मीद लगाई जा रही है। उन्होंने सुरक्षा से जुड़े जोखिमों पर भी चिंता जताई। खासतौर पर किसी बड़े साइबर अटैक की स्थिति में AI सेवाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर की मांग में तेज गिरावट आ सकती है।

 

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।