इंडियन रिन्यूएबल एनर्जी डेवलपमेंट एजेंसी लिमिटेड (IREDA) के शेयरों में आज 8 जुलाई को करीब 9 फीसदी तक की दमदार रैली देखी गई। यह स्टॉक BSE पर 7.79 फीसदी की बढ़त के साथ 246.30 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। वहीं, इंड्राडे में स्टॉक ने 248.80 रुपये के अपने ऑल टाइम हाई को छू लिया। आज की तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 66,199 करोड़ रुपये हो गया है। स्टॉक का 52-वीक लो 49.99 रुपये है। इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में 135 फीसदी की दमदार रैली आ चुकी है। हालांकि, एक्सपर्ट्स इस शेयर पर अब भी बुलिश नजर आ रहे हैं।
IREDA के शेयरों पर क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
इंडिपेंडेंट मार्केट एनालिस्ट सर्वेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि IREDA का उच्चतम प्वाइंट ₹222 के आसपास था। उन्होंने कहा कि शेयर इस महीने निर्णायक रूप से इस लेवल को पार कर गया है। सीएनबीसी-टीवी18 से बात करते हुए श्रीवास्तव ने कहा कि जब कोई शेयर "ब्लू स्काई टेरिटरी" में एंट्री करता है - जो ऑल टाइम हाई पर ट्रेड कर रहा है - तो इनवेस्टर्स को उसमें बने रहने की सलाह दी जाती है।
उन्होंने मध्यम रिस्क लेने वालों के लिए ₹200 के लेवल से नीचे और अधिक अग्रेसिव इनवेस्टमेंट एप्रोच वाले लोगों के लिए ₹214 पर स्टॉप लॉस रखने की सलाह दी। श्रीवास्तव ने इरेडा को 1-3 महीने का ट्रेडिंग टाइम देने का सुझाव दिया है। उनका अनुमान है कि शेयर ₹265-270 के स्तर तक बढ़ सकता है, जिस प्वाइंट पर निवेशक प्रॉफिट बुक करने पर विचार कर सकते हैं।
आज बाजार बंद होने के समय IREDA में एक ब्लॉक डील हुई, जिसमें कंपनी के 0.16 फीसदी शेयरों का लेनदेन हुआ है, जिसका मूल्य ₹100 करोड़ है। इस ब्लॉक डील में बायर्स और सेलर्स कौन हैं, यह पता नहीं चल पाया है। ब्लॉक डील के बाद शेयर में तेजी देखी गई।
IREDA ने FPO के लिए सरकार से किया अनुरोध
हाल ही में CNBC-TV18 के साथ बातचीत में IREDA के CMD प्रदीप कुमार दास ने कहा कि कंपनी ने सरकार से अनुरोध किया है कि वह उसे फॉलो-ऑन पब्लिक ऑफर (FPO) करने की अनुमति दे, क्योंकि जिस गति से यह बढ़ रही है, उसे देखते हुए उसे और अधिक इक्विटी निवेश की जरूरत होगी। FPO के माध्यम से इरेडा ₹4,000 करोड़ से ₹5,000 करोड़ के बीच जुटाना चाहता है। मार्च 2024 तिमाही के अंत में सरकार के पास इरेडा में 75% हिस्सेदारी है।
IREDA के शेयर ओवरबॉट जोन में
IREDA ओवरबॉट जोन में एंट्री कर चुका है। इसका RSI 74.8 पर है। इसका मतलब है कि स्टॉक में गिरावट आ सकती है। यह स्टॉक 5 दिन, 10 दिन, 20 दिन, 50 दिन, 100 दिन और 200 दिन के मूविंग एवरेज से ऊपर ट्रेड कर रहा है। इरेडा ने पिछले साल के अंत में ₹32 के आईपीओ प्राइस पर शेयर बाजार में अपनी शुरुआत की थी। लिस्टिंग के सात महीने के भीतर स्टॉक ने ₹248.85 का रिकॉर्ड हाई बनाया, जो इसके आईपीओ प्राइस से लगभग 8 गुना है।