IRFC Share Price: दिग्गज नवरत्न कंपनी आईआरएफसी के शेयरों में पिछले कुछ समय से बिकवाली का ऐसा दबाव आया कि इसने दो सपोर्ट लेवल तोड़ दिए। हालांकि निचले स्तर पर खरीदारी से यह संभला और तीसरे सपोर्ट लेवल से थोड़ा ही पहले यह संभल गया लेकिन अभी भी यह काफी दबाव में है। जब से इसका ऑफर फॉर सेल आया है, शेयरों पर दबाव बना हुआ है। फिलहाल बीएसई पर यह 0.94% की गिरावट के साथ ₹89.10 पर है। इंट्रा-डे में यह 1.57% टूटकर ₹88.54 तक आ गया था। वहीं रिकवर होकर यह ऊपर की तरफ ₹89.22 तक पहुंचा था।
Offer for Sale ने क्यों बनाया शेयरों पर दबाव
आईआरएफसी के शेयरों में आज लगातार पांचवे दिन बिकवाली का दबाव दिखा। हालांकि 22 जून को 1% से अधिक और 1 जुलाई को आधे फीसदी से अधिक की तेजी को छोड़ दें तो लगातार 14 कारोबारी दिनों में यह 12 दिन कमजोर ही हुआ है। जिस दिन इस ऑफर फॉर सेल इश्यू खुला था यानी 24 जून के दिन यह 6% से अधिक टूटकर बंद हुआ था। इसकी वजह ये है कि ऑफर फॉर सेल के तहत ₹91 के फ्लोर प्राइस पर सरकार ने शेयर ऑफर किए और अगले दिन यानी 25 जून को जब यह इश्यू खुदरा निवेशकों के लिए तो शेयर और भी नीचे आए और इंट्रा-डे में फ्लोर प्राइस के एकदम करीब ₹91.01 तक टूट गए। इस इश्यू के जरिए करीब 26.1 करोड़ शेयरों की मार्केट में सप्लाई ने भाव तोड़ दिया। ब्रोकरेज फर्म इंडमनी के मुताबिक इतनी बड़ी सप्लाई मार्केट को एब्जॉर्ब करने में समय लगता है।
IRFC के सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल
आईसीआईसीआई डायरेक्ट पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक आईआरएफसी के शेयरों के लिए पहला सपोर्ट 89.5 और दूसरा सपोर्ट लेवल 89.1 पर था जोकि टूट चुका है और अब तीसरा सपोर्ट लेवल 88.5 काम कर रहा है। ऊपर की तरफ बात करें तो पहला रेजिस्टेंस 90.5 पर है, फिर 91.0 और फिर 91.4 पर।
अब तक कैसी रही शेयरों की चाल
आईआरएफसी के शेयरों की घरेलू स्टॉक मार्केट में 29 जनवरी 2021 को एंट्री हुई थी। इसके ₹4633 करोड़ के आईपीओ के तहत निवेशकों को ₹26 के भाव पर शेयर जारी हुए थे। शुरुआती उठा-पटक के साथ लिस्टिंग के करीब 14 महीने बाद 20 जून 2022 को बीएसई पर यह ₹19.30 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया था। इस निचले स्तर से शेयरों ने जोरदार रिकवरी की और 15 जुलाई 2024 को ₹229.05 के रिकॉर्ड हाई लेवल पर पहुंच गया। हालांकि अभी इस हाई से यह आधे से भी काफी अधिक नीचे आ चुका है।
पिछले एक साल में शेयरों के चाल की बात करें तो पिछले साल 8 जुलाई 2025 को बीएसई पर यह एक साल के हाई ₹139.35 पर था जिससे 8 महीने में यह 37% से अधिक फिसलकर 30 मार्च 2026 को एक साल के निचले स्तर ₹87.05 पर आ गया था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।