Get App

इजराइल के शेयर बाजार में तूफानी तेजी, मिसाइल हमले की खबरों के बीच 4% उछला इंडेक्स, बनाया नया रिकॉर्ड

Tel Aviv Stock Exchange: ईरान से छिड़ी जंग के बावजूद, इजराइल के शेयर बाजार 'तेल अवीव स्टॉक एक्सचेंज (TASE)' में आज 19 जून को 4 प्रतिशत से अधिक की जोरदार उछाल आई। यह उछाल ऐसे समय में आई जब ईरान के मिसाइल हमले में इजराइली स्टॉक एक्सचेंज की इमारत को नुकसान पहुंचने की खबरें आ रही हैं

Moneycontrol Hindi Newsअपडेटेड Jun 19, 2025 पर 3:56 PM
इजराइल के शेयर बाजार में तूफानी तेजी, मिसाइल हमले की खबरों के बीच 4% उछला इंडेक्स, बनाया नया रिकॉर्ड
Tel Aviv Stock Exchange: इजराइल ने गुरुवार सुबह ईरान के अराक हैवी वॉटर रिएक्टर को निशाना बनाया

Tel Aviv Stock Exchange: ईरान से छिड़ी जंग के बावजूद, इजराइल के शेयर बाजार 'तेल अवीव स्टॉक एक्सचेंज (TASE)' में आज 19 जून को 4 प्रतिशत से अधिक की जोरदार उछाल आई। यह उछाल ऐसे समय में आई जब ईरान के मिसाइल हमले में इजराइली स्टॉक एक्सचेंज की इमारत को नुकसान पहुंचने की खबरें आ रही हैं। अल जजीरा ने एक रिपोर्ट में दावा किया कि गुरुवार सुबह ईरान के हमले में इजराइली स्टॉक एक्सचेंज की बिल्डिंग को नुकसान पहुंचा है।

इजराइल के स्थानीय समयानुसार सुबह 10 बजे शेयर बाजार खुले और शुरुआत से ही इसमें लगातार तेजी बनी रही। बेंचमार्क इंडेक्स ने दिन के उच्चतम स्तर पर 4.7 फीसदी की उछाल दर्ज की और इसने अपना नया 52-वीक हाई छू लिया। यह लगातार पांचवां दिन है, जब तेल अवीव इंडेक्स में बढ़त देखने को मिली है। हालांकि 12 जून को इंडेक्स में 4 फीसदी की गिरावट आई थी। इस साल अब तक TA‑125 इंडेक्स 16 फीसदी चढ़ चुका है, जबकि इस दौरान अमेरिकी शेयर बाजार के बेंचमार्क इंडेक्स S&P 500 में महज 2 फीसदी की तेजी आई है।

हालांकि इस मजबूती के बावजूद निवेशकों का रुख सतर्क बना हुआ है क्योंकि इलाके में तनाव लगातार बढ़ रहा है।

एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल ने गुरुवार सुबह ईरान के अराक हैवी वॉटर रिएक्टर को निशाना बनाया था। हालांकि इस हमले से कोई रेडिएशन खतरा नहीं है क्योंकि हमले से पहले ही साइट को खाली करवा लिया गया था। इसके जवाब में ईरान ने दक्षिणी इजराइल के एक प्रमुख अस्पताल पर मिसाइल हमला किया, जिससे अस्पताल को भारी नुकसान पहुंचा है। इजराइली अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें