झारखंड की राजधानी रांची के दिन अब और भी ज्यादा संवरने वाले हैं। रांची शहर जल्द ही अपनी खूबसूरती के मामले में चंडीगढ़ की तरह चमकता हुआ नजर आएगा। झारखंड सरकार ने राजधानी के स्मार्ट सिटी इलाके में शहरवासियों को विश्वस्तरीय सौगात देने की तैयारी कर ली है। इसके तहत लगभग 30 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से तीन नए और भव्य इको-फ्रेंडली पार्क बनाए जाएंगे। इन पार्कों के निर्माण की जिम्मेदारी जुडको (JUDCO) को सौंपी गई है और इसका DPR यानी डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार किया जा चुका है। विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने जल्द से जल्द टेंडर निकालने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं, ताकि काम तेजी से शुरू हो सके।
