IT Shares Prices: आईटी कंपनियों के शेयरों में 19 मई को लगातार तीसरे सत्र तेजी दिखी। कुछ आईटी शेयर 6 फीसदी तक उछल गए। इसकी वजह सस्ते भाव पर आईटी शेयरों को खरीदने में निवेशकों की दिलचस्पी है। बीते कुछ महीनों में आईटी शेयरों में बड़ी गिरावट आई है। इससे वैल्यूएशंस में कमी आई है।
निफ्टी आईटी इंडेक्स 4 फीसदी तक उछला
19 मई को निफ्टी इंडेक्स करीब 4 फीसदी उछल गया था। बाद में तेजी थोड़ी कम हो गई। 12 बजे यह इंडेक्स 3.63 फीसदी ऊपर चल रहा था। बीते तीन सत्रों में यह सूचकांक 7 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। इसमें अमेरिकी डॉलर में मजबूती का भी हाथ है। हालांकि, इस तेजी के बावजूद 2026 में आईटी इंडेक्स अब तक करीब 23 फीसदी गिरा है।
Coforge 6 फीसदी से ज्यादा चढ़ा
सबसे ज्यादा तेजी Coforge के शेयरों में दिखी। यह 6.56 फीसदी चढ़कर 1,436 रुपये पर चल रहा था। Mphasis का शेयर 3.77 फीसदी उछाल के साथ 2,230 रुपये रल रहा था। TCS का शेयर 2.96 फीसदी के उछाल के साथ 2,350 रुपये पर चल रहा था। Infosys का शेयर 4.04 फीसदी चढ़कर 1,188 रुपये पर चल रहा था। टेक महिंद्रा का शेयर 3.52 फीसदी उछाल के साथ 1,480 रुपये पर चल रहा था।
डॉलर में मजबूती से रेवेन्यू बढ़ने की उम्मीद
आईटी शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी की वजह इन कंपनियों की अर्निंग्स में अच्छी ग्रोथ की उम्मीद है। डॉलर इंडेक्स में तेजी आई है। यह 99.07 पर पहुंच गया है। चूंकि आईटी कंपनियों के रेवेन्यू का बड़ा हिस्सा अमेरिका से आता है। इससे डॉलर में मजबूती से इन कंपनियों का रेवेन्यू बढ़ सकता है। भारत के 315 अरब डॉलर के आईटी सेक्टर का करीब 57 फीसदी रेवेन्यू अमेरिका से आता है।
एआई टूल्स के बढ़ते इस्तेमाल से आईटी सेक्टर दबाव में
आईटी कंपनियों के शेयरों में बीते कुछ महीनों में बड़ी गिरावट दिखी है। इसकी वजह एआई टूल्स का बढ़ता इस्तेमाल है। एथ्रोपिक जैसी कंपनियों ने नए एआई टूल्स पेश किए हैं। ये टूल्स कई ऐसे काम कर सकते हैं, जो अभी आईटी कंपनियां करती हैं। माना जा रहा है कि इसका असर आईटी कंपनियों के बिजनेस पर पड़ सकता है। इस वजह से आईटी शेयरों में गिरावट आई है।
19 मई को शेयर बाजार के प्रमुख सूचकांकों में तेजी
19 मई को शेयर बाजारों में तेजी आई है। इसमें आईटी शेयरों में तेजी का भी हाथ है। निफ्टी 102 अंक यानी 0.43 फीसदी चढ़कर 23,748 पर चल रहा था। सेंसेक्स 333 अंक यानी 0.44 फीसदी उछाल के साथ 75,644 पर चल रहा था। बैंक निफ्टी में भी 0.20 फीसदी की तेजी दिखी।