आईटीसी ने 21 मई को मार्च तिमाही के नतीजों का ऐलान कर दिया। कंपनी का स्टैंडएलोन प्रॉफिट मार्च तिमाही में 5 फीसदी बढ़कर 5,113.36 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने सिगरेट की कीमतें बढ़ाई थी, जिससे हाई टैक्स का असर कंपनी के सिगरेट बिजनेस पर ज्यादा नहीं पड़ा। एक साल पहले की मार्च तिमाही में कंपनी का स्टैंडएलोन प्रॉफिट 4,875 करोड़ रुपये था।
पश्चिम एशिया में टेंशन का असर ग्रोथ पर पड़ सकता है
कंपनी ने कहा है, "पश्चिम एशिया में टकराव की स्थिति जारी रहने से इंडिया की एनर्जी सिक्योरिटी और इंपोर्टेड इनफ्लेशन को लेकर चिंता बढ़ी है। सप्लाई चेन में बाधा, अल नीनो के असर और लू की स्थिति ग्रोथ, इनफ्लेशन और करेंट अकाउंट पर असर डाल सकती है। इनका असर शॉर्ट टर्म में कंज्यूमर सेंटिमेंट और डिमांड पर भी पड़ सकता है। "
अदर एफएमसीजी बिजनेस का रेवेन्यू 15% बढ़ा
FY26 में कंपनी के 'अदर एफएमसीजी बिजनेस' का रेवेन्यू साल दर साल आधार पर 15 फीसदी बढ़कर 6,304 करोड़ रुपये रहा, जबकि इस सेगमेंट का प्रॉफिट 51 फीसदी बढ़ा। कंपनी ने कहा है कि उसने 24 मंत्रा ऑर्गेनिक फूड्स, योगा बार, मदर स्पर्श और Prasuma & Meatigo जैसे न्यू एज अधिग्रहण किए, जिनकी ग्रोथ पिछले वित्त वर्ष में 60 फीसदी रही। इसका एनुअल रेकरिंग रेवेन्यू 1,350 करोड़ रुपये से ज्यादा रहा।
सिगरेट से 11,066 करोड़ रुपये रेवेन्यू
सिगरेट से ITC का मार्च तिमाही में रेवेन्यू 11,066 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 8,400 करोड़ रुपये था। एक साल पहले की मार्च तिमाही में कंपनी को 15,179 करोड़ रुपये का वन टाइम गेन हुआ था, जिसकी वजह कंपनी के होटल बिजनेस का डीमर्जर था। कंपनी ने शेयर बाजार बंद होने के बाद नतीजों का ऐलान किया।
प्रति शेयर 8 रुपये डिविडेंड का ऐलान
आईटीसी ने प्रति शेयर 8 रुपये फाइनल डिविडेंड का ऐलान किया। कंपनी ने कहा है कि शेयरहोल्डर्स को फाइनल डिविडेंड का पेमेंट इस साल 24 जुलाई से 29 जुलाई के बीच कर दिया जाएगा। कंपनी ने पहले प्रति शेयर 6.5 रुपये अंतरिम डिविडेंड का ऐलान किया था। अंतरिम और फाइनल डिविडेंड मिलाकर FY26 में कंपनी का कुल डिविडेंड 14.50 रुपये पहुंच जाएगा। फाइनल डिविडेंड के लिए रिकॉर्ड डेट 27 मई होगी।
बीते एक साल में 29% गिरा शेयर
कंपनी का शेयर 21 मई को हल्की तेजी के साथ 307.65 रुपये पर बंद हुआ। शेयरों पर नतीजों का असर 22 मई को दिखेगा। बीते एक साल में यह शेयर करीब 29 फीसदी गिरा है। इस साल 30 मार्च को शेयर का प्राइस गिरकर 287.70 रुपये पर आ गया था। 21 मई को निफ्टी और सेंसेक्स में गिरावट दिखी।
डिसक्लेमर: मनीकंट्रोल पर एक्सपर्ट्स की तरफ से व्यक्त विचार उनके अपने विचार होते हैं। ये वेबसाइट या इसके मैनेजमेंट के विचार नहीं होते। मनीकंट्रोल की यूजर्स को सलाह है कि उन्हें निवेश का फैसला लेने से पहले सर्टिफायड एक्सपर्ट्स की राय लेनी चाहिए।