WeWork India Stock Price: वर्कइंडिया का शेयर 20% उछला, मार्च तिमाही के नतीजों पर बाजार खुश

WeWork India Management ने 21 मई को मार्च तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। कंपनी का प्रॉफिट मार्च तिमाही में साल दर साल आधार पर 78 फीसदी बढ़कर 65 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का प्रॉफिट 37 करोड़ रुपये था

अपडेटेड May 21, 2026 पर 3:21 PM
वीवर्क इंडिया के देश के कई शहरों में फ्लेक्सिबल वर्कस्पेस सेंटर्स हैं।

वीवर्क इंडिया मैनेजमेंट के शेयर को 21 मई को पंख लग गए। दोपहर 1 बजे के बाद शेयर में अचानक तेज उछाल आया। एक समय शेयर 20 फीसदी तक चढ़ गया था। बाद में तेजी थोड़ी कम हो गई। 3:15 बजे शेयर 16.71 फीसदी चढ़कर 568 रुपये पर चल रहा था। शेयरों में तेजी की वजह कंपनी के मार्च तिमाही के नतीजे हैं।

मार्च तिमाही में प्रॉफिट 78 फीसदी उछला

WeWork India Management ने 21 मई को मार्च तिमाही के नतीजों का ऐलान किया। कंपनी का प्रॉफिट मार्च तिमाही में साल दर साल आधार पर 78 फीसदी बढ़कर 65 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का प्रॉफिट 37 करोड़ रुपये था। मार्च तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 27 फीसदी बढ़कर 705 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में यह 555 करोड़ रुपये था। EBITDA 28 फीसदी बढ़कर 459 करोड़ रुपये रहा।


नतीजों के बाद 20 फीसदी तक उछला शेयर

कंपनी के नतीजे बाजार को पसंद आए। कंपनी का शेयर 20 फीसदी चढ़कर 584.15 रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की बैलेंसशीट में काफी इम्प्रूवमेंट आया है। ऑपरेशंस से फ्री कैश फ्लो साल दर साल आधार पर 44.3 फीसदी बढ़कर 585.5 करोड़ रुपये हो गया। पहली बार कंपनी नेट डेट निगेटिव हो गई। कंपनी की बॉरोइंग कॉस्ट साल दर साल आधार पर 225 बेसिस प्वाइंट्स घटकर 8.5 फीसदी पर आ गई। इसकी क्रेडिट रेटिंग A- से बढ़कर A+ हो गई।

कई शहरों में कंपनी के फ्लेक्सिबल वर्कस्पेस सेंटर्स

वीवर्क इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ करण विरवानी ने कहा कि FY26 कंपनी और फ्लेक्सिबल वर्कप्लेस इंडस्ट्रीज के लिए काफी अहम रहा। उन्होंने कहा कि कंपनी ने FY27 में मजबूती के साथ प्रवेश किया है। डिमांड अच्छी दिख रही है और रिटर्न ऑन कैपिटल में भी इम्प्रूवमेंट है। कंपनी के देश के कई शहरों में फ्लेक्सिबल वर्कस्पेस सेंटर्स हैं।

यह भी पढ़ें: Grasim Industries Share Price: ग्रासिम का शेयर बना रॉकेट, जानिए क्या है स्टॉक पर ब्रोकरेज फर्मों की राय

कंपनी ने पिछले साल पेश किया था आईपीओ

कंपनी ने पिछले साल आईपीओ पेश किया था। उसने इनवेस्टर्स को 648 रुपये के प्राइस पर शेयर एलॉट किए थे। कंपनी के शेयर इश्यू प्राइस के करीब लिस्ट हुए थे। लिस्टिंग के बाद से यह शेयर 8.53 फीसदी गिरा है। 9 मार्च को शेयर की कीमत गिरकर 426 रुपये पर आ गई थी। उसके बाद से शेयर में रिकवरी दिखी है। 21 मई को शेयर बाजारों में काफी उतार-चढ़ाव दिखा। सेंसेक्स और निफ्टी कभी लाल तो कभी हरे निशान में चल रहे थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।