ITC Share Price: लगातार पांचवें दिन शेयरों की तेजी के चलते आईटीसी (ITC) के शेयर आज इंट्रा-डे में रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। इसके शेयरों में तेजी की अहम वजह इसके होटल कारोबार से जुड़ी एक खबर है। सीएनबीसी-टीवी 18 को सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि इसके होटल कारोबार को अलग करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके चलते आईटीसी के शेयरों की खरीदारी बढ़ी और आज इंट्रा-डे में बीएसई पर यह तीन फीसदी से अधिक उछलकर 480.60 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि इसके बाद मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी सुस्ती आई लेकिन दिन के आखिरी में भी यह मजबूत स्थिति में बना रहा और 2.02 फीसदी के उछाल के साथ 475.35 रुपये पर बंद हुआ है। पिछले साल 6 जुलाई को यह एक साल के निचले स्तर 283.35 रुपये पर था।
होटल बिजनेस को अलग करने को लेकर निवेशक उत्साहित क्यों
आईटीसी के रेवेन्यू और ईबीआईटी में पिछले दस वर्षों में इसके होटल कारोबार की 5 फीसदी से कम हिस्सेदारी रही लेकिन कैपिटल एक्सपेंडिचर का 20 फीसदी से अधिक हिस्सा इसी ने खा लिया। ऐसे में निवेशक इस बात को लेकर हमेशा चिंतित रहे हैं कि इसी होटल कारोबार के चलते आईटीसी के शेयरों से अच्छा रिटर्न नहीं मिला है। लंबे समय तक इसके शेयर सुस्त रहे हैं।
फिर ITC के शेयरों में तेजी क्यों लौटी
आईटीसी में अब चीजें धीरे-धीरे बदल रही हैं। इसका फोकस अब एसेट-लाइट स्ट्रैटजी पर बढ़ रहा है। आज की बात करें तो इसके आधे से अधिक रूम इनवेंटरी मैनेजमेंट कांट्रैक्ट्स के जरिए हैं और बाकी कमरे ही खुद के होटल के हैं। इसका पॉजिटिव असर भी दिख रहा है। मार्च 2023 तिमाही में इसका स्टैंडएलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 21.4 फीसदी बढ़कर 5,086.9 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं ऑपरेशनल रेवेन्यू (एक्साइज ड्यूटी निकालकर) भी समान अवधि में 5.6 फीसदी बढ़कर 16,398 करोड़ रुपये हो गया। होटल कारोबार के रेवेन्यू की बात करें तो यह लगभग डबल होकर 781 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
होटल कारोबार अलग होने पर ब्रोकरेज का क्या है रुझान
कुछ समय पहले आईटीसी के चेयरमैन और एमडी संजय पुरी ने कहा था कि कोरोना महामारी से होटल इंडस्ट्री उबर चुकी है और अब इसे अलग करने पर विचार हो रहा है। इस कारोबार को लेकर कंपनी की स्ट्रैटजी पर हाल ही में विदेशी ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने आईटीसी का टारगेट ही बढ़ा दिया था। ब्रोकरेज ने होटल के लिए एसेट-राइट स्ट्रैटेजी पर शिफ्ट होने के चलते आईटीसी की टारगेट 520 रुपये से 530 रुपये कर दिया।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।