ITC Share Price: लगातार पांचवें दिन शेयरों की तेजी के चलते आईटीसी (ITC) के शेयर आज इंट्रा-डे में रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए। इसके शेयरों में तेजी की अहम वजह इसके होटल कारोबार से जुड़ी एक खबर है। सीएनबीसी-टीवी 18 को सूत्रों के हवाले से जानकारी मिली है कि इसके होटल कारोबार को अलग करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके चलते आईटीसी के शेयरों की खरीदारी बढ़ी और आज इंट्रा-डे में बीएसई पर यह तीन फीसदी से अधिक उछलकर 480.60 रुपये पर पहुंच गया। हालांकि इसके बाद मुनाफावसूली के चलते भाव में थोड़ी सुस्ती आई लेकिन दिन के आखिरी में भी यह मजबूत स्थिति में बना रहा और 2.02 फीसदी के उछाल के साथ 475.35 रुपये पर बंद हुआ है। पिछले साल 6 जुलाई को यह एक साल के निचले स्तर 283.35 रुपये पर था।
