ITC लिमिटेड के शेयर 3 नवंबर को लगभग फ्लैट नोट पर ट्रेड कर रहे हैं। हालांकि शुरुआती कारोबार में शेयर पिछले बंद भाव से 1.5 प्रतिशत तक उछला। कंपनी ने एक दिन पहले तिमाही और छमाही नतीजे जारी किए थे। आंकड़ों के अनुसार, सिगरेट कारोबार को छोड़कर कंपनी के बाकी सभी बिजनेस ने शानदार प्रदर्शन किया है। सिगरेट कारोबार में वॉल्यूम ग्रोथ में लगातार गिरावट देखी गई।
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में ITC का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा (कंपनी के मालिकों के लिए) सालाना आधार पर 18.68 प्रतिशत घटकर 4168.40 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी ने 5126.11 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 43.85 प्रतिशत बढ़कर 30,578.4 करोड़ रुपये हो गया। सितंबर 2025 तिमाही में यह 21,255.86 करोड़ रुपये था।
सितंबर तिमाही 2026 तिमाही में कंपनी के कुल खर्च सालाना आधार पर 69.6 प्रतिशत बढ़कर 25,462.44 करोड़ रुपये के रहे। कंपनी का कहना है कि नए भू-राजनीतिक तनाव और ट्रेड में व्यवधानों के बीच ऑपरेशंस का माहौल अत्यधिक अनिश्चितता से भरा रहा। कच्चे तेल और इससे जुड़े उत्पादों की कीमतें ऊंची बनी रहीं, जबकि सप्लाई चेन में व्यवधान और उच्च माल भाड़ा लागत जारी रही।''
सिगरेट कारोबार का EBIT 27% डाउन
जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही में ITC के सिगरेट कारोबार का EBIT पिछले साल के मुकाबले 27% गिर गया। सिगरेट के वॉल्यूम में पिछले साल की तुलना में 7-8% की गिरावट आई है। FMCG कारोबार में रेवेन्यू ग्रोथ पिछले 14 तिमाहियों में सबसे अधिक रही। पेपरबोर्ड कारोबार का रेवेन्यू पिछले साल की इसी अवधि के मुकाबले 36% बढ़ा। एग्री बिजनेस का रेवेन्यू 12% बढ़ा।
ITC के शेयर पर ब्रोकरेज की राय
ITC के शेयर को 38 एनालिस्ट कवर कर रहे हैं। इनमें से 22 एनालिस्ट्स ने "बाय" रेटिंग दी है। 15 ने "होल्ड" और एक ने "सेल" रेटिंग दी है। JPMorgan ने ITC के शेयर पर "न्यूट्रल" रुख बनाए रखा है और प्राइस टारगेट ₹310 प्रति शेयर तय किया है। ब्रोकरेज ने नोट में लिखा, "ITC अपने पोर्टफोलियो को फिर से व्यवस्थित कर रही है और कीमतों में चरणबद्ध तरीके से बदलाव कर रही है। इससे EBIT में आ रही गिरावट को धीरे-धीरे कम करने में मदद मिलेगी।"
गोल्डमैन सैक्स ने भी "न्यूट्रल" रुख बनाए रखा है। प्राइस टारगेट ₹290 तय किया है। जेफरीज ने "बाय" रेटिंग बरकरार रखी है। प्राइस टारगेट ₹350 तय किया है। लेकिन 'अर्निंग्स पर शेयर' (EPS) अनुमानों में 2-3% की कटौती की है। CLSA ने ITC पर "आउटपरफॉर्म" रेटिंग बरकरार रखी है। प्राइस टारगेट ₹390 तय किया है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।