स्टॉक मार्केट्स में उतारचढ़ाव पर जल्द ब्रेक लगेगा। मार्केट के प्रमुख सूचकांकों में 2025 में तेजी दिखेगी। विदेशी ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने 2025 में निफ्टी के लिए 26,600 प्वाइंट्स का टारगेट दिया है। इसका मतलब है कि स्टॉक मार्केट में करेंट लेवल से करीब 10 फीसदी तेजी आ सकती है। जेफरीज ने यह भी कहा है कि निफ्टी का एक साल का फॉरवर्ड प्राइस-टू-अर्निंग्स मल्टीपल इसके पांच साल के औसत से ज्यादा है। उसने कहा है कि निफ्टी में 10 फीसदी की तेजी अर्निंग्स ग्रोथ के मुताबिक होगी।
इन सेक्टर का प्रदर्शन अच्छा रहेगा
Jefferies का कहना है कि स्टॉक मार्केट को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है। स्मॉलकैप और मिडकैप स्टॉक्स के मुकाबले लार्जकैप स्टॉक्स में निवेश करना ठीक रहेगा। ब्रोकरेज फर्म ने फाइनेंशियल्स,आईटी, टेलीकॉम, ऑटो, हेल्थकेयर, यूटिलिटी/पावर और रियल एस्टेट सेक्टर का प्रदर्शन अच्छा रहने का अनुमान जताया है। उसका मानना है कि एनर्जी, कंज्यूमर स्टेपल्स, कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी (ऑटो छोड़कर) और मैटेरियल्स सेक्टर का प्रदर्शन कमजोर रह सकता है।
2025 की पहली छमाही में सुस्ती खत्म होगी
उसने कहा है कि इंडियन इकोनॉमी में सुस्ती ज्यादा समय तक जारी नहीं रहेगी। 2025 की पहली छमाही में इकोनॉमी सुस्ती से बाहर आ जाएगी। जेफरीज ने अपनी रिपोर्ट में लिखा है, "सरकार के खर्च में इजाफा, लिक्विडिटी में वृद्धि और पिछले साल के लो बेस को देखते हुए जीडीपी ग्रोथ बढ़ने की उम्मीद है। यह कंपनियों की अर्निंग्स के लिए भी पॉजिटिव होगा।" इस साल स्टॉक मार्केट में तेजी में घरेलू निवेश का बड़ा हाथ रहा। आईपीओ आने से नए स्टॉक्स की सप्लाई भी अच्छी रही।
यह भी पढ़ें: एनालिस्ट्स ने HDFC AMC, NMDC और Tata Communications पर दांव लगाने की सलाह दी
इन स्टॉक्स में है निवेश का मौका
2024 में कंपनियों ने आईपीओ से करीब 1.5 लाख रुपये जुटाए हैं। ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि नए स्टॉक्स की सप्लाई आगे भी अच्छी बनी रहने की उम्मीद है। जेफरीज ने लार्जकैप स्टॉक्स में ICICI Bank, Axis Bank, SBI, Bharti Airtel, JSW Energy, TVS Motors, Coal India, Godrej Properties और Sun Pharma के शेयरों को अपनी पसंद बताया है। इनमें से कई स्टॉक का प्रदर्शन 2024 में भी अच्छा रहा है।
13 दिसंबर को नाटकीय उतारचढ़ाव
13 दिसंबर को स्टॉक मार्केट में नाटकीय उतारचढ़ाव देखने को मिला। सुबह में मार्केट कमजोर खुले। फिर बिकवाली दबाव बढ़ने के बाद सूचकांकों में बड़ी गिरावट आई। सेंसेक्स 1200 प्वाइंट्स तक गिर गया। उसके बाद फिर रिकवरी आई। करीब 2 बजे सेंसेक्स 650 अंक ऊपर था।