'2027 में 29000 तक जाएगा निफ्टी', JP मॉर्गन को भारतीय बाजार में 12% तेजी की उम्मीद

JP Morgan Nifty Target: ग्लोबल ब्रोकरेज JP Morgan ने 2027 के अंत तक निफ्टी का 29,000 का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज को करीब 12 फीसदी तेजी की उम्मीद है। AI शेयरों से दूरी, विदेशी निवेश और कमाई में सुधार आगे बाजार को सहारा दे सकते हैं। समझिए पूरी तस्वीर।

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 8:30 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
JP Morgan ने भारतीय शेयर बाजार के लिए तीन तरह के अनुमान दिए हैं।

JP Morgan Nifty Target: ग्लोबल ब्रोकरेज JP Morgan को भारतीय शेयर बाजार में आगे भी तेजी की उम्मीद है। ब्रोकरेज का मानना है कि 2026 में शानदार वापसी के बाद भारतीय बाजार 2027 में भी अच्छा प्रदर्शन कर सकता है। उसने साल 2027 के अंत तक Nifty 50 के 29,000 तक पहुंचने का अनुमान लगाया है। यह गुरुवार के बंद स्तर से करीब 12% की बढ़त होगी।

JP Morgan ने बाजार के लिए तीन तरह के अनुमान दिए हैं। उसके बेस केस में निफ्टी का टारगेट 29,000 है। बुल केस में यह 31,000 तक जा सकता है। वहीं, बेयर केस में इसके 22,000 तक फिसलने की आशंका जताई गई है।

AI शेयरों से दूरी का भारत को फायदा


JP Morgan के मुताबिक, दुनिया के निवेशक AI से जुड़े शेयरों में अपने निवेश को थोड़ा कम कर रहे हैं। ऐसे में वे दूसरे बाजारों में निवेश के मौके तलाश रहे हैं। भारतीय शेयर बाजार इस लिहाज से एक बेहतर विकल्प बनकर उभर रहा है।

ब्रोकरेज का कहना है कि भारत AI पर ज्यादा निर्भर बाजारों से मुकाबला नहीं कर रहा है। बल्कि वह निवेशकों को अपने पोर्टफोलियो में विविधता लाने का मौका दे रहा है।

इस साल भारतीय शेयर बाजार में तेज गिरावट के बाद रिकवरी आई है। इस वापसी के पीछे AI से जुड़े शेयरों से निवेश का निकलना, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी निवेशकों की खरीदारी जैसे कारण रहे हैं।

कमाई में बढ़ोतरी की उम्मीद

JP Morgan को उम्मीद है कि 2027 में भारतीय कंपनियों की कमाई में सुधार होगा। ब्रोकरेज ने MSCI India की कंपनियों की अर्निंग ग्रोथ का अनुमान 2026 के 12% से बढ़ाकर 2027 में 14% कर दिया है। इसके पीछे घरेलू खपत में मजबूती, कंपनियों के मुनाफे में सुधार, कर्ज की मांग बढ़ने और निजी निवेश में तेजी जैसे कारण हैं।

ब्रोकरेज का मानना है कि कच्चे तेल की कम कीमतों और रुपये में मजबूती से घरेलू कारोबार करने वाली कंपनियों को फायदा मिल सकता है। इसलिए उसने निर्यात पर निर्भर कंपनियों के मुकाबले घरेलू मांग से जुड़ी कंपनियों को तरजीह दी है।

विदेशी निवेश से मिल सकता है सहारा

JP Morgan के मुताबिक, अगर विदेशी निवेशक भारतीय शेयर बाजार में अपना निवेश बढ़ाते हैं, तो करीब 100 अरब डॉलर का नेट इनफ्लो आ सकता है। नवंबर में अब तक विदेशी निवेशक करीब 15.5 अरब डॉलर की खरीदारी कर चुके हैं।

हालांकि, ब्रोकरेज ने यह भी कहा है कि कंपनियों की कमाई में सुधार के संकेत मिल रहे हैं, लेकिन शेयरों का वैल्यूएशन अब पहले जितना आकर्षक नहीं है।

किन सेक्टरों पर दांव लगा रहा है JP Morgan?

ब्रोकरेज ने फाइनेंशियल, इंडस्ट्रियल, हेल्थकेयर और कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी सेक्टर पर ओवरवेट रेटिंग दी है। इसका मतलब है कि इन सेक्टरों में बाजार के मुकाबले ज्यादा निवेश की सलाह दी गई है।

वहीं, मेटल और माइनिंग सेक्टर की रेटिंग दो पायदान घटाकर अंडरवेट कर दी है। IT सेक्टर पर भी अंडरवेट रेटिंग बरकरार रखी है।

RBI की ब्याज दरों पर भी नजर

JP Morgan ने RBI की ओर से लगातार तीन बार 25 बेसिस पॉइंट की ब्याज दर बढ़ोतरी का अनुमान लगाया है। इसके अलावा ब्रोकरेज ने कुछ जोखिम भी गिनाए हैं।

इनमें अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका, कमजोर मानसून, अल नीनो के कारण खाद्य महंगाई बढ़ना, ग्रामीण इलाकों में दबाव और सरकारी खर्च में कटौती शामिल हैं। इन वजहों से बाजार की तेजी पर असर पड़ सकता है।

Nifty Outlook: 26000 का लेवल क्यों नहीं पार कर पा रहा निफ्टी, शॉर्ट टर्म में किस ओर जाएगा बाजार? जानिए एक्सपर्ट्स से

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।