Nifty Outlook: 26000 का लेवल क्यों नहीं पार कर पा रहा निफ्टी, शॉर्ट टर्म में किस ओर जाएगा बाजार? जानिए एक्सपर्ट्स से

Nifty Outlook: निफ्टी लगातार तीसरे सत्र में 26,000 का स्तर पार नहीं कर पाया। हालांकि, एक्सपर्ट्स को शॉर्ट टर्म में तेजी की उम्मीद है। ब्रेकआउट मिलने पर इंडेक्स 26,400 तक जा सकता है। जानिए अहम सपोर्ट और रेजिस्टेंस लेवल, बाजार की संभावित चाल।

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 6:52 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
SAMCO सिक्योरिटीज के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट ओम मेहरा के मुताबिक, निफ्टी में तेजी के बाद फिलहाल 26,000 के नीचे कंसोलिडेशन दिख रहा है।

Nifty Outlook: निफ्टी 50 लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में 26,000 के स्तर को पार नहीं कर पाया। गुरुवार, 26 नवंबर को भी इंडेक्स इस स्तर के करीब पहुंचा, लेकिन उसे पार करने में नाकाम रहा। हालांकि, बाजार का रुख अब भी पॉजिटिव बना हुआ है। ऐसे में सवाल है कि निफ्टी को 26,000 के पार जाने के लिए क्या चाहिए और आगे कौन से लेवल अहम रहेंगे?

26,000 के पार जाने की उम्मीद

HDFC सिक्योरिटीज के सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट विनय रजानी के मुताबिक, निफ्टी को लगातार तीन सत्रों से 25,950 से 26,000 के दायरे में रुकावट मिल रही है। हालांकि, बड़े शेयरों और प्रमुख सेक्टरों में मजबूती दिख रही है। ऐसे में इंडेक्स के इस रेंज को पार करने की संभावना है।


उनके मुताबिक, 26,000 के ऊपर टिकने पर निफ्टी अपने पिछले रिकॉर्ड हाई 26,373 को पार कर सकता है। फिलहाल 25,600 पर पहला सपोर्ट है। इसके बाद 25,343 का स्तर अहम रहेगा।

HDFC सिक्योरिटीज के ही सीनियर टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट नागराज शेट्टी का भी मानना है कि निफ्टी का ट्रेंड पॉजिटिव है। उनके मुताबिक, शॉर्ट टर्म में 26,000 के पार निर्णायक ब्रेकआउट की संभावना ज्यादा है। ऐसा होने पर इंडेक्स 26,400 तक जा सकता है। नीचे की ओर 25,600 पर सपोर्ट है।

25,800 का स्तर भी अहम

SAMCO सिक्योरिटीज के टेक्निकल रिसर्च एनालिस्ट ओम मेहरा के मुताबिक, निफ्टी में तेजी के बाद फिलहाल 26,000 के नीचे कंसोलिडेशन दिख रहा है। डेली मूविंग एवरेज भी पॉजिटिव संकेत दे रहे हैं। RSI फिर से 70 के ऊपर पहुंच गया है। वहीं, इंडिया VIX 4.87% गिरकर 16.84 पर आ गया। इससे बाजार में उतार-चढ़ाव की आशंका कम होने का संकेत मिलता है।

गुरुवार को निफ्टी 25,884.50 पर बंद हुआ। इसमें 0.25% की बढ़त रही। कारोबार के दौरान इंडेक्स 25,734 तक फिसला, लेकिन वहां से संभल गया। हालांकि, 25,975 का हाई बनाने के बाद भी 26,000 के पार नहीं जा सका।

मेहरा के मुताबिक, नीचे की ओर 25,800 और फिर 25,700 पर सपोर्ट है। वहीं, ऊपर 26,000 के बाद 26,200 का स्तर अहम रहेगा।

ब्रेकआउट के बाद ही नई तेजी

LKP सिक्योरिटीज के टेक्निकल एनालिस्ट वत्सल भुवा का कहना है कि ऊंचे स्तरों पर बिकवाली के बावजूद निचले स्तरों पर खरीदारी आ रही है। इससे बाजार में तेजी की मजबूती का संकेत मिलता है।

उनके मुताबिक, 26,000 के ऊपर निर्णायक ब्रेकआउट आने पर ही तेजी का अगला दौर शुरू हो सकता है। फिलहाल 25,800 पर तुरंत सपोर्ट है। इसके बाद 25,650 का स्तर अहम है। नई खरीदारी के लिए 26,000 के ऊपर टिकना जरूरी होगा।

एक अन्य मार्केट व्यू के मुताबिक, 26,000 के साथ 84,700 का स्तर भी अहम रेजिस्टेंस है। इसके ऊपर निकलने पर निफ्टी 26,100 से 26,200 तक जा सकता है। नीचे 25,750 पर सपोर्ट है। यह स्तर टूटने पर इंडेक्स 25,600 से 25,550 तक फिसल सकता है।

Stocks to Buy: JM फाइनेंशियल ने 5 शेयरों पर खरीदने की सलाह दी, 41% तक मिल सकता है रिटर्न

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।