मुनाफा 43% गिरते ही 4.5% टूटा डोमिनोज वाली कंपनी का शेयर! फिर भी ब्रोकरेज बुलिश, दिया ₹625 का टारगेट

Jubilant FoodWorks Share: सितंबर तिमाही में कंसॉलिडेटेड मुनाफा 43% घटने के बाद Jubilant FoodWorks के शेयर 9 नवंबर को 4.5% से ज्यादा फिसल गए। गिरावट के बीच JPMorgan, CLSA और Motilal Oswal ने शेयर पर अपनी राय दी है

अपडेटेड Nov 09, 2026 पर 1:10 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Jubilant FoodWorks के शेयर 9 नवंबर को 4.5% से ज्यादा फिसल गए।

Domino’s Pizza और Popeyes जैसे फास्ट फूड ब्रांड चलाने वाली Jubilant FoodWorks के शेयरों पर सोमवार, 9 नवंबर को भारी दबाव दिखा। सितंबर तिमाही में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 43% घटने के बाद शेयर 4.5% से ज्यादा फिसल गया। बिक्री में बढ़ोतरी के बावजूद बढ़ती लागत ने मुनाफे को चोट पहुंचाई। इस गिरावट के बीच तीन बड़े ब्रोकरेज ने शेयर को लेकर अपनी राय सामने रखी है, और तीनों के टारगेट मौजूदा भाव से ऊपर हैं।

दोपहर तक 4.7% लुढ़का शेयर

9 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे Jubilant FoodWorks का शेयर 4.7% गिरकर 430 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। कंपनी ने शुक्रवार को सितंबर तिमाही के नतीजे जारी किए थे और सोमवार को बाजार ने उन पर अपनी प्रतिक्रिया दी।


मुनाफा 43% घटा, बिक्री में 11.84% की बढ़त

रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक, Q2 FY27 में कंपनी का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 43% घटकर 111.58 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल जुलाई-सितंबर तिमाही में यही मुनाफा 194.59 करोड़ रुपये था।

बिक्री के मोर्चे पर तस्वीर बेहतर रही। ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 11.84% बढ़ा। कुल इनकम भी 11.9% बढ़कर 2,627.05 करोड़ रुपये पहुंच गई। लेकिन खर्च इससे तेज रफ्तार से बढ़े। कंपनी का कुल खर्च सालाना आधार पर 12.85% ऊपर गया। यानी कमाई जितनी बढ़ी, उससे ज्यादा खर्च बढ़ गया और इसका असर मुनाफे पर दिखा।

पहली छमाही यानी H1 FY27 में Jubilant Bhartia Group की इस कंपनी की कुल कंसॉलिडेटेड इनकम 13% बढ़कर 5,215.4 करोड़ रुपये रही।

Domino’s की रफ्तार सुधरी, Popeyes ने किया कमाल

एनालिस्ट्स को उम्मीद थी कि पिछली तिमाही के मुकाबले दूसरी तिमाही में कंपनी की ग्रोथ तेज होगी, लेकिन फ्यूल और कच्चे माल की ऊंची लागत, जैसे चिकन और डेयरी, मार्जिन पर दबाव बनाए रहीं।

इस तिमाही में Domino’s India की लाइक-फॉर-लाइक (LFL) ग्रोथ 4.1% रही, जो जून तिमाही में 2.5% थी। यानी पुराने स्टोर्स की बिक्री में सुधार दिखा। सबसे चमकदार प्रदर्शन फ्राइड चिकन ब्रांड Popeyes का रहा, जिसकी LFL ग्रोथ 53% रही।

Jubilant FoodWorks के पास ग्लोबल ब्रांड Domino’s और Popeyes के फ्रेंचाइजी अधिकार हैं और ये देश की प्रमुख QSR चेन ऑपरेटर है। इसके अलावा कंपनी इंडो-चाइनीज QSR ब्रांड Hong’s Kitchen और तुर्की में कॉफी चेन COFFY की भी मालिक है।

महंगाई ने बिगाड़ा मार्जिन का गणित

कंपनी ने खुद माना कि लागत का दबाव भारी पड़ा। कंपनी ने कहा, 'महंगाई का असर करीब 200 बेसिस प्वाइंट का है... जिसकी वजह LPG की लागत में बढ़ोतरी, न्यूनतम वेतन में बढ़ोतरी और कच्चे माल की लागत है। तेल और चीज जैसी कमोडिटी अब बढ़ रही हैं।"

JPMorgan: ‘Neutral’ रेटिंग, 520 रुपये का टारगेट

JPMorgan ने शेयर पर ‘Neutral’ रेटिंग रखी है और 520 रुपये का टारगेट दिया है। 430 रुपये के भाव से ये करीब 20.93% ऊपर है। ग्लोबल ब्रोकरेज ने कहा, "नए फॉर्मेट्स पर घाटे में कमी उम्मीद से आगे चल रही है, लेकिन COGS/फ्यूल और वेतन में तेज महंगाई ने Domino’s के मार्जिन में सुधार रोक दिया है।"

ब्रोकरेज के मुताबिक Popeyes ने तिमाही आधार पर 8% रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की, इस दौरान 11 नए स्टोर जुड़े, और ये मीडियम टर्म में ग्रोथ का अहम इंजन बना हुआ है। हालांकि जब तक रेस्टोरेंट लेवल की कमाई का गणित मजबूत नहीं होता, तब तक इसका विस्तार सधे हुए तरीके से ही होगा।

CLSA: ‘Outperform’ रेटिंग, 550 रुपये का टारगेट

CLSA ने ‘Outperform’ रेटिंग के साथ 550 रुपये का टारगेट दिया है, जो 430 रुपये के भाव से करीब 27.91% ऊपर है। ग्लोबल ब्रोकरेज ने कहा, “EBITDA सालाना आधार पर 12.4% बढ़ा और मार्जिन सालाना 16 बेसिस प्वाइंट बढ़कर 19.8% रहा, जो मोटे तौर पर अनुमानों के मुताबिक है। मैनेजमेंट ने FY27 के लिए 5-7% LFL गाइडेंस बरकरार रखी है, जो दूसरी छमाही में तेजी का संकेत देती है। Popeyes ने 53% LFL और 122% रेवेन्यू ग्रोथ के साथ अपनी मजबूत रफ्तार बनाए रखी। इनोवेशन प्रोडक्ट्स की पकड़ बढ़ रही है, इनका योगदान दहाई अंक के करीब पहुंच रहा है और इनमें मार्जिन बेहतर है।'

Motilal Oswal: ‘Buy’ रेटिंग, 625 रुपये का टारगेट

घरेलू ब्रोकरेज Motilal Oswal Financial Services सबसे ज्यादा बुलिश है। उसने ‘Buy’ रेटिंग के साथ 625 रुपये का टारगेट दिया है। ब्रोकरेज ने इसमें 37% तक के अपसाइड की बात कही है।

ब्रोकरेज ने कहा, "हम JUBI के मीडियम टर्म आउटलुक को लेकर पॉजिटिव बने हुए हैं, जिसे 5-7% LFL ग्रोथ की संभावना, Popeyes की मजबूत रफ्तार और अच्छे इंटरनेशनल प्रदर्शन का सहारा है। कंपनी मार्जिन रिकवरी की दिशा में भी आगे बढ़ रही है, जहां प्रोडक्टिविटी में सुधार, सप्लाई चेन की बेहतर कार्यक्षमता और सोच-समझकर की गई प्राइसिंग कमोडिटी महंगाई की भरपाई करने में मदद कर रही है।"

इस कंपनी को मिला नोएडा मेट्रो एक्वा लाइन एक्सटेंशन का बड़ा ऑर्डर, लाल से हरे निशान में आया शेयर

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।