July Auto Sales : फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) की तरफ से सोमवार को जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक जुलाई महीने में भारत में ऑटोमोबाइल सेक्टर की रिटेल बिक्री में साल-दर-साल आधार पर 10 फीसदी की बढ़त देखने को मिली है। वहीं मासिक आधार पर जुलाई महीने में इसकी बिक्री में 5 फीसदी की गिरावट देखने को मिली है। इन आंकड़ों पर नजर डालने से पता चलता है कि जुलाई में तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री 94148 यूनिट के रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई। तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री में जुलाई में सालाना आधार पर 74 फीसदी और मासिक आधार पर 9 फीसदी की बढ़त की बढ़त देखने को मिली है। जुलाई महीने में तिपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री मार्च 2023 के 86857 यूनिट के पिछले रिकॉर्ड हाई को पार कर गई है।
दोपहिया सेगमेंट में एंट्री लेवल के लेकर चिंता कायम
FADA का कहना है कि दोपहिया सेगमेंट में एंट्री लेवल वाली कटेगरी अभी भी चिंता का कारण बनी हुई है। FADA की इस रिपोर्ट में कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में खरीदारों के लिए लोन को लेकर चिंता जाहिर की गई है। FADA के आंकड़ों के मुताबिक जुलाई महीने में सभी सेगमेंट की कुल खुदरा बिक्री बढ़कर 1770181 यूनिट पर रही है। जबकि जुलाई 2022 में यह बिक्री 1609217 यूनिट पर रही थी। जुलाई महीने में पैसेंजर वाहन की बिक्री 284064 यूनिट रही है। इसमें सालाना आधार पर 4 फीसदी की बढ़त हुई थी। जुलाई 2022 में पैसेंजर वाहन की रिटेल बिक्री 273055 यूनिट रही थी।
FADA के प्रेसीडेंट मनीष राज सिंघानिया का कहना है कि जुलाई महीने में ऑर्डर में बढ़त और समय पर OEM आपूर्ति होती दिखी है। हालांकि उत्तर भारत में भारी बारिश और बाढ़ जैसी स्थितियों ने बिक्री को प्रभावित किया। उन्होंने ये भी बताया कि एसयूवी खरीदारों की लोकप्रिय पसंद बनी हुई है। सिंघानिया ने आगे कहा कि भारी मानसून और ईवी की बढ़ती लोक प्रियता जैसी चुनौतियों के बावजूद टू-व्हीलर की बिक्री में बढ़त देखने को मिली है।
जुलाई में दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री 8 फीसदी बढ़ी
जुलाई में दोपहिया वाहनों की खुदरा बिक्री 8 फीसदी बढ़कर 1228139 यूनिट पर रही है जो पिछले साल की समान अवधि में 1135566 यूनिट पर रही थी। वहीं, कमर्शियल वाहनों खुदरा बिक्री में साल-दर-साल 2 फीसदी की बढ़ोतरी देखी गई है। ये जुलाई 2022 में 71619 यूनिट से बढ़कर 73065 यूनिट हो गई है।
मनीष राज सिंघानिया का कहना है कि सीवी सेगमेंट की चाल मिलीजुली रही है। स्टॉक की अच्छी उपलब्धता और स्कूल बसों जैसे सेगमेंट की मांग में बढ़त के बावजूद अनियमित मौसम और उच्च वाहन लागत जैसी चुनौतियों ने इस सेक्टर की मांग पर निगेटिव असर डाला है।
फेस्टिव सीजन में ऑटो सेक्टर की बिक्री में मजबूती की उम्मीद
फाडा की रिपोर्ट में कहा गया है कि आईएमडी का अनुमान है कि अगस्त में औसत से कम बारिश हो सकती है। जिससे फसल की पैदावार कम हो सकती। ऐसा होने पर खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में क्रय शक्ति पर निगेटिव असर पड़ सकता है। फाडा का ये भी कहना है कि शॉर्ट टर्म की चुनौतियों के बावजूद फेस्टिव सीजन में ऑटो सेक्टर की बिक्री में मजबूती की उम्मीद है।