ज्योति स्ट्रक्चर्स के के शेयरों में बुधवार 11 नवंबर को पंख लग गए। सुबह में शेयर मजबूत खुले। उसके बाद उनमें जबर्दस्त उछाल दिखा। एक समय शेयर 19.24 फीसदी तक उछलकर 12.89 रुपये पर पहुंच गया। बाद में तेजी थोड़ी सुस्त पड़ी। 12 बजे यह शेयर 15.63 फीसदी चढ़कर 12.51 रुपये पर चल रहा था।
कंपनी को बैंक गारंटी और लेटर ऑफ क्रेडिट मिला
Jyoti Structures के शेयर में तेजी की एक खास वजह है। दरअसल, कंपनी को 510.59 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी और लेटर ऑफ क्रेडिट (LC) की सुविधा मिली है। इस खबर के बाद शेयर अपने 20 फीसदी के अपर सर्किट के करीब पहुंच गया।
कंपनी को मौजूद ऑर्डर पूरा करने में मिलेगी मदद
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसके लेंडर्स (बैंकों) ने नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) से मंजूर रिजॉल्यूशन प्लान के तहत बैंक गारंटी और लेटर ऑफ क्रेडिट जारी करना शुरू कर दिया है। इससे कंपनी को मौजूदा ऑर्डर बुक को पूरा करने में मदद करेंगी।
5 साल की देरी के बाद शुरू हुई प्रक्रिया
Jyoti Structures के मुताबिक, रिजॉल्यूशन प्लान के तहत 510.59 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी और लेटर ऑफ क्रेडिट उपलब्ध कराए जाने थे। हालांकि, इन सुविधाओं को जारी करने में करीब पांच साल की देरी हुई। अब लेंडर्स ने इन्हें धीरे-धीरे जारी करना शुरू कर दिया है।
NCLAT का आदेश इस साल 26 मई को आया
कंपनी ने बताया कि 26 मई, 2026 को नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (NCLAT) के आदेश के बाद उसने अपने लेंडर्स से इन सुविधाओं को जारी करने का अनुरोध किया था। यह अनुरोध NCLT से मंजूर रिजॉल्यूशन प्लान और ट्रिब्यूनल के बाद के आदेशों के अनुरूप किया गया था।
कंपनी नए कारोबारी मौकों का भी फायदा उठा सकती है
कंपनी के मुताबिक, बैंक गारंटी और लेटर ऑफ क्रेडिट उपलब्ध नहीं होने के कारण अब तक उसके लिए मौजूदा ऑर्डर बुक को पूरा करना मुश्किल हो रहा था। इन सुविधाओं के मिलने से कंपनी की ऑपरेशनल क्षमता मजबूत होने की उम्मीद है। इससे कंपनी को मौजूदा ऑर्डर पूरे करने के साथ-साथ पावर ट्रांसमिशन और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में नए कारोबार के अवसर हासिल करने में भी मदद मिल सकती है।
इस साल 30 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है यह शेयर
Jyoti Structures इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) सेक्टर की कंपनी है। यह मुख्य रूप से पावर ट्रांसमिशन सेक्टर में काम करती है। कंपनी बिजली ट्रांसमिशन से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के निर्माण और क्रियान्वयन का काम करती है। इस साल यह शेयर 30 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है।