Kalana Ispat IPO Listing: कई ग्रेड के बिलेट्स बनाने वाली कलाना इस्पात के शेयरों की आज NSE के SME प्लेटफॉर्म पर भारी डिस्काउंट पर एंट्री हुई। खुदरा निवेशकों के दम पर इसके आईपीओ को ओवरऑल 59 गुना से अधिक बोली मिली थी। आईपीओ के तहत 66 रुपये के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी 45.15 रुपये पर एंट्री हुई है यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला बल्कि लिस्टिंग पर उनकी पूंजी 31.59 फीसदी घट गई। लिस्टिंग के बाद शेयर ऊपर चढ़े। उछलकर यह 47.40 रुपये (Kalana Ispat Share Price) के अपर सर्किट पर पहुंच गया और इसी पर बंद भी हुआ। इस तेजी के बावजूद पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 28.18 फीसदी घाटे में हैं।
Kalana Ispat IPO को मिला था तगड़ा रिस्पांस
कलाना इस्पात का ₹32.59 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 19-23 सितंबर तक खुला था। खुदरा निवेशकों के दम पर इस आईपीओ को निवेशकों का शानदार रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 59.92 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित आधा हिस्सा 74.54 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले 49.38 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों का इस्तेमाल कंपनी 4 मेगावॉट डीसी और 3.5 मेगावॉट एसी ग्राउंट माउंटेड सोलर पावर प्लांट के इंस्टॉलेशन, रोलिंग मिल के सेटअप और इक्विपमेंट-मशीनरी इत्यादि की खरीदारी के साथ-साथ आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
अक्टूबर 2012 में बनी कलाना इस्पात एमएस बिलेट्स और एलॉय स्टील बिलेट्स तैयार करती है। इसका सालाना उत्पादन क्षमता 38 हजार टन है। सितंबर 2024 तक के आंकड़ों के मुताबिक इसके पेरोल पर 15 एंप्लॉयीज और तीन अहम मैनेजमेंट पर्सन्स र्हैं। इसके अलावा एंप्लॉयीज की जरूरत पड़ती है तो प्रोडक्शन की जरूरतों के मुताबिक सर्विस एजेंसीज से यह अस्थायी तौर पर मैनपावर मंगाती है। कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2021 में इसे 13.62 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2022 में मामूली तेजी के साथ 13.66 लाख रुपये पर पहुंच गया लेकिन वित्त वर्ष 2023 में यह तेजी से उछलकर 50.09 लाख रुपये और वित्त वर्ष 2024 में 2.37 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू सालाना 19 फीसदी से अधिक की चक्रवृद्धि दर (CAGR) से बढ़कर 73.94 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।