ज्वेलरी सेक्टर की कंपनी कल्याण ज्वेलर्स इंडिया के शेयरों में 23 नवंबर को दिन में 5 प्रतिशत तक की बढ़त दिखी। बीएसई पर शेयर 671 रुपये के हाई तक गया। ऐसी खबर है कि कंपनी प्राइवेट इक्विटी फर्म्स से लगभग 2000 करोड़ रुपये जुटाने के लिए बातचीत कर रही है। इन फर्म्स में वारबर्ग पिंकस भी शामिल है। फंड के बदले कंपनी अपनी सब्सिडियरीज कैंडेरे और अक्षय थंगा मलिगई (ATM) में माइनॉरिटी हिस्सेदारी बेचेगी। यह बात मनीकंट्रोल को सूत्रों के हवाले से पता चली है। हाल की बातचीत का मकसद 'कैंडेरे' (Candere) और ATM के विस्तार में तेजी लाना है।
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित फंड जुटाने की प्रक्रिया के जरिए वारबर्ग पिंकस की कल्याण ग्रुप में एक निवेशक के तौर पर वापसी हो सकती है। अगस्त 2024 में वारबर्ग पिंकस ने कल्याण ज्वेलर्स में पूरी हिस्सेदारी बेचकर एग्जिट कर लिया था। वारबर्ग पिंकस ने 2014 से 2017 के बीच दो राउंड में कल्याण ज्वेलर्स में लगभग 1,700 करोड़ रुपये का निवेश किया था। सूत्रों का कहना है कि बातचीत अभी शुरुआती दौर में है। अभी तक वैल्यूएशन, फंड जुटाने की रकम और बेचे जाने वाले हिस्से के बारे में कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
इस प्रस्तावित निवेश का इस्तेमाल शोरूम्स की संख्या बढ़ाने, इनवेंट्री की जरूरतों, प्रोडक्ट डेवलपमेंट और ब्रांड-बिल्डिंग के लिए किया जा सकता है। कल्याण ज्वेलर्स हल्के वजन वाली, रोजमर्रा की और फैशन-ओरिएंटेड ज्वेलरी की बढ़ती मांग का फायदा उठाना चाहती है। साथ ही अपनी पारंपरिक क्षेत्रीय उपस्थिति को भी मजबूत करना चाहता है। कैंडेरे के लिए अतिरिक्त पूंजी से फिजिकल स्टोर खोलने की प्रक्रिया तेज हो सकती है, जबकि ATM इस फंड का इस्तेमाल तमिलनाडु और अन्य क्षेत्रीय बाजारों में विस्तार करने के लिए कर सकता है।
Kalyan Jewellers का शेयर 6 महीनों में 86 प्रतिशत मजबूत
शेयर में आई तेजी से कल्याण ज्वेलर्स का मार्केट कैप बढ़कर 67800 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर एक महीने में लगभग 30 प्रतिशत और 6 महीनों में 86 प्रतिशत चढ़ा है। 3 साल में शेयर निवेशकों का पैसा लगभग डबल कर चुका है। वहीं 5 साल में यह 840 प्रतिशत की बढ़त देख चुका है।
कल्याण ज्वेलर्स का सितंबर 2026 तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 63.6 प्रतिशत बढ़कर 427 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले इसी अवधि में यह 260.51 करोड़ रुपये था। कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 31.4 प्रतिशत बढ़कर 10,323 करोड़ रुपये रहा, जो सितंबर 2025 तिमाही में 7,856 करोड़ रुपये था। ब्रोकरेज फर्म UBS ने कल्याण ज्वेलर्स पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस प्रति शेयर 900 रुपये रखा है।