किर्लोस्कर ग्रुप की कंपनी किर्लोस्कर ऑयल इंजन्स लिमिटेड (KOEL) के शेयरों में आज जमकर खरीदारी का रुझान दिख रहा है। जून तिमाही के शानदार नतीजे के दम पर आज इंट्रा-डे में यह 11 फीसदी से अधिक उछल गया। किर्लोस्कर ऑयल को चालू वित्त वर्ष 2023-24 की पहली तिमाही में इसका स्टैंडएलोन नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 60 फीसदी बढ़कर 103 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके चलते आज कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में भी यह 11.14 फीसदी उछलकर 490.30 रुपये पर पहुंच गया जो इसका रिकॉर्ड हाई है। मुनाफावसूली के चलते भाव में सुस्ती आई है लेकिन अभी भी यह मजबूत स्थिति में है। दिन के आखिरी में बीएसई पर यह 9.33 फीसदी की मजबूती के साथ 482.30 रुपये (Kirloskar Oil Share Price) पर बंद हुआ है। इसका फुल मार्केट कैप 6,985.50 करोड़ रुपये है।
