स्टॉक मार्केट हर छोटी-बड़ी चिंता की परवाह किए बगैर आगे बढ़ रहा है। मार्केट में गिरावट आती है, लेकिन वह सिर्फ कुछ समय के लिए होती है। फिर, मार्केट के प्रमुख सूचकांक नई ऊंचाई पर पहुंच जाते हैं। इस बाजार को समझने के लिए मनीकंट्रोल ने कोटक महिंद्रा एएमसी के एमडी और सीईओ निलेश शाह से बातचीत की। उनसे स्टॉक मार्केट से जुड़े कई सवाल पूछे। उनसे यह भी पूछा कि क्या इस साल आरबीआई इंटरेस्ट रेट में कमी करेगा।
इन वजहों से मार्केट में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं
शाह (Nilesh Shah) ने कहा कि फिलहाल मार्केट में बड़ी गिरावट की उम्मीद नहीं दिख रही। इसकी कई वजहें हैं। अर्निंग्स ग्रोथ (Earnings Growth) अब भी डबल डिजिट में है, लिक्विडिटी काफी स्ट्रॉन्ग है और इनवेस्टर सेंटिमेंट (Investor Sentiment) पॉजिटिव है। मार्केट फेयर वैल्यूएशन के हायर बैंड में है। ऐसे में मार्केट में गिरावट की सीमित संभावना दिख रही है। हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर मार्केट में करेक्शन आता है तो यह निवेशकों के लिए खरीदारी का मौका होगा।
कुछ शेयरों में जरूरत से ज्यादा तेजी
कुछ शेयरों में आई बेतहाशा तेजी के बारे में उन्होंने कहा कि कुछ सेक्टर में कम फ्लोट वाले स्टॉक्स में जरूरत से ज्यादा तेजी आई है। इन सेक्टर को लेकर बहुत ज्यादा उम्मीद की वजह से वैल्यूएशन काफी हाई लेवल पर पहुंच गई है। निवेशकों को लगता है कि इन कंपनियों के मैनेजमेंट के पास हनुमानजी जैसी शक्ति है, जिन्होंने एक ही छलांग में समुद्र पार कर लिया था या पहाड़ को हथेली पर उठा लिया था। हम सभी जानते हैं कि हनुमानजी भगवान थे, जबकि मैनजमेंट में इनसान होते हैं।
लार्जकैप और मिडकैप में निवेश करना अपेक्षाकृत सुरक्षित
क्या अभी स्मॉलकैप स्टॉक्स से दूर रहना अच्छा रहेगा? इस सवाल के जवाब में शाह ने कहा कि आम तौर पर हम निवेशकों को तेजी की जगह क्वालिटी पर फोकस करने की सलाह देते हैं। हमारा मानना है कि उन्हें हाई-फ्लोटिंग स्टॉक्स, डायवर्सिफायड ओनरशिप वाली कंपनी और सही वैल्यूएशन वाले शेयरों में निवेश करना चाहिए। इन मानकों पर स्मॉलकैप स्टॉक्स के मुकाबले लार्जकैप स्टॉक्स और मिडकैप स्टॉक्स बेहतर नजर आते हैं।
यह भी पढ़ें: Short Call: रिटेल इनवेस्टर्स को शेयरों की हाई वैल्यूएशन की चिंता नहीं, जानिए Azad Engineering, CIL और एचपीसीएल क्यों सुर्खियों में हैं
इस साल RBI नहीं घटाएगा इंटरेस्ट रेट
क्या आरबीआई इस साल इंटरेस्ट रेट में कमी करेगा? इसके जवाब में उन्होंने कहा कि अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के मुकाबले रिजर्व बैंक (आरबीआई) अच्छी स्थिति में है। इसकी कई वजहें हैं। इंडिया में ग्रोथ अच्छी है। इनफ्लेशन आरबीआई के टारगेट के अंदर है। रुपये में स्थिरता है। ऐसे में इस बात की उम्मीद कम है कि आरबीआई 2024 कैलेंडर ईयर में इंटरेस्ट रेट में किसी तरह की कमी करेगा। हालांकि, मार्केट को अमेरिका में फेडरल रिजर्व के इंटरेस्ट रेट घटाने की उम्मीद है। वह इस महीने होने वाली अपनी मीटिंग में इंटरेस्ट रेट में कमी का ऐलान कर सकता है।