Kotak Mahindra Bank Shares: कोटक महिंद्रा बैंक के शेयरों में आज 28 जुलाई को 7 फीसदी से अधिक की भारी गिरावट देखने को मिली। यह पिछले 15 महीनों में इस शेयर में आई अब तक की सबसे बड़ी इंट्राडे गिरावट है। यह गिरावट कंपनी के जून तिमाही के नतीजों के बाद ऐलान के बाद आया, जिसमें इसके शुद्ध मुनाफे में गिरावट दर्ज की गई। कोटक महिंद्रा बैंक ने बताया कि मौजूदा वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 7 फीसदी घटकर 3,282 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले इसी तिमाही में यह मुनाफा 3,520 करोड़ रुपये रहा था। हालांकि इस आंकड़े में बैंक के जनरल इंश्योरेंस बिजनेस की बिक्री से हुआ एकमुश्त लाभ शामिल नहीं है। इसे शामिल करने पर शुद्ध मुनाफा 6,250 करोड़ रुपये जाता है, जो काफी अधिक है।
