सोलर एनर्जी कंपनी KPI ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के शेयरों में 9 नवंबर को शानदार तेजी है। दिन में शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से 14 प्रतिशत तक उछली। BSE पर शेयर 349.50 रुपये के हाई तक गया। कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 6700 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है। कंपनी का बोर्ड 13 नवंबर को मीटिंग करने वाला है। इसमें जुलाई-सितंबर 2026 तिमाही और अप्रैल-सितंबर 2026 छमाही के वित्तीय नतीजों को मंजूरी दी जाएगी। उसके बाद इन्हें जारी किया जाएगा।
KPI Green Energy का अप्रैल-जून 2026 तिमाही में शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 14 प्रतिशत घटकर 95 करोड़ रुपये रह गया। एक साल पहले मुनाफा 111 करोड़ रुपये था। रेवेन्यू 16 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 710 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो जून 2025 तिमाही में 614 करोड़ रुपये था।
KPI Green Energy का शेयर एक साल में 30 प्रतिशत कमजोर
KPI Green Energy के शेयर की फेस वैल्यू 5 रुपये है। यह BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है। कंपनी में सितंबर 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 49.40 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक साल में 30 प्रतिशत गिरा है। वहीं 5 साल में कीमत 1400 प्रतिशत से ज्यादा मजबूत हुई है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 515 रुपये और एडजस्टेड लो 270.95 रुपये है।
हाल ही में दिया था ये अपडेट
KPI Green Energy ने हाल ही में गुजरात के भरूच में अपने 250 MW/350 MWp सोलर पावर प्रोजेक्ट (IPP) के तहत 49.7 MWp की अतिरिक्त क्षमता और अपने 370 MW/677 MWp हाइब्रिड पावर प्रोजेक्ट (IPP) के तहत 121.8 MWp की क्षमता को चालू किया है। अब कंपनी इस सोलर IPP प्रोजेक्ट के तहत 350 MWp क्षमता में से कुल 300.8 MWp क्षमता को चालू कर चुकी है। साथ ही हाइब्रिड IPP प्रोजेक्ट के तहत 677 MWp क्षमता में से 510.7 MWp क्षमता को चालू कर चुकी है। इसमें 449.2 MWp सोलर और 61.5 MW विंड (पवन ऊर्जा) क्षमता शामिल है। इन प्रोजेक्ट्स को कंपनी द्वारा गुजरात ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड (GUVNL) के साथ लॉन्ग टर्म पावर परचेज एग्रीमेंट्स के तहत एक इंडिपेंडेंट पावर प्रोड्यूसर (IPP) के रूप में विकसित किया जा रहा है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।