Stock Market News: मर्सिडीज-बेंज (Mercedes-Benz) और होंडा (Honda) जैसी दिग्गज कंपनियों का गाड़िया बेचने वाली कंपनी लैंडमार्क कार्स (Landmark Cars) की लिस्टिंग ने बहुत निराश किया था। हालांकि जिन आईपीओ निवेशकों ने धैर्य रखा, उन्हें सब्र का फल मीठा मिला। टूटते बाजार में भी इसके शेयर चढे़ हैं। दो दिन में यह 17 फीसदी मजबूत हुआ है और आज 6 जनवरी को इंट्रा-डे में 581.65 रुपये की रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। हालांकि दिन के आखिरी में यह कुछ नरम होकर 553.55 रुपये के भाव (Landmark Cars Share Price) पर बंद हुआ। इसका मार्केट कैप 2,191.62 करोड़ रुपये है।
IPO निवेशक अब आए 15% मुनाफे में
Landmark Cars का 552 करोड़ रुपये का आईपीओ पिछले महीने 13 दिसंबर से 15 दिसंबर 2022 के बीच खुला था। इसके शेयर 506 रुपये के भाव पर निवेशकों को जारी हुए थे। एंप्लाई को 48 रुपये के डिस्काउंट पर यह जारी हुआ था। 23 दिसंबर को लिस्टिंग के दिन इसका प्रदर्शन बहुत बुरा रहा और इश्यू प्राइस के मुकाबले बीएसई पर 9 फीसदी डिस्काउंट के साथ 460 रुपये पर लिस्ट हुआ था।
हालांकि अब इसमें तेजी का रुझान दिख रहा है और अब इश्यू प्राइस से यह 15 फीसदी ऊपर चढ़ चुका है और रिकॉर्ड निचले लेवल से तो 34 फीसदी ऊपर आया है। 26 दिसंबर 2022 को यह 433.20 रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर फिसल गया था।
Landmark Cars में क्यों तेजी का रुझान
मर्सिडीज-बेंज, होंडा, जीप, फॉक्सवैगन और रेनॉल्ट की नई-पुरानी कारें बेचती है। इसके अलावा कंपनी के पास कॉमर्शियल व्हीकल सेग्मेंट में अशोक लीलैंड की डीलरशिप है। मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक कंपनी का फंडामेंटल बेहतर है, प्रमोटर्स अनभुवी हैं, ट्रैक रिकॉर्ड बेहतर हैं। हालांकि जब इसकी लिस्टिंग थी तो बाजार की परिस्थितियां बेहतर नहीं थी, इस पर कोरोना महामारी का साया छाया हुआ था।
हालांकि अब भी मार्केट में दबाव दिख रहा है लेकिन कंपनी की पोजिशन को देखते हुए निवेशक इसमें पैसे लगा रहे हैं। ब्रोकरेज फर्म आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर के एक नोट के मुताबिक लैंडमार्क कार्स नई जगहों पर विस्तार कर सकती है और इसकी डीलरशिप पर विस्तार कर सकती है। इन सब वजहों से इसमें निवेश का रुझान है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।