Tech Layoffs: नया साल भी तकनीकी कंपनियों के एंप्लॉयीज के लिए राहत नहीं लेकर आया है। पिछले साल दिसंबर 2022 में जितनी छंटनी हुई, उससे ज्यादा तो इस महीने जनवरी 2023 के पहले पांच दिन में ही हो गई। छंटनी को ट्रैक करने वाली वेबसाइट Layoffs Tracker पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक इस साल 5 जनवरी तक दुनिया भर की टेक कंपनियों ने 28096 एंप्लॉयीज की छंटनी का ऐलान किया है। वहीं दिसंबर में 17074 एंप्लॉयीज की छंटनी हुई थी यानी कि पूरे दिसंबर की तुलना में जनवरी के पांच दिन में 64.5 फीसदी अधिक एंप्लॉयीज को काम से निकाला गया।
सबसे अधिक Amazon ने की छंटनी
इस साल सबसे अधिक अमेजन (Amazon) ने एंप्लॉयीज की छंटनी की है। अमेजन ने 18 हजार से अधिक कर्मियों को निकाला है जो कुछ निकाले गए कर्मियों के आधे से अधिक है। कंपनी के सीईओ Andy Jassy ने इसे कंपनी के स्वास्थ्य के लिए जरूरी बताया।
एक और टेक कंपनी सेल्सफोर्स (Salesforce) ने भी अपने 10 फीसदी वर्कर्स यानी करीब 10 हजार एंप्लॉयीज को बाहर निकालने का ऐलान किया। सेल्सफोर्स के को-सीईओ मार्के बेनिऑफ के मुताबिक कोरोना महामारी के दौरान रेवेन्यू बढ़ने पर हायरिंग अधिक हो गई थी जिसका असर अब कंपनी के हेल्थ पर दिख रहा है। इस वजह से सेल्सफोर्स ने छंटनी का फैसला किया।
यह साल टेक एंप्लॉयीज के लिए बुरी शुरुआत वाली रही। भारतीय एडुटेक फर्म अनएकेडमी (Unacademy) के सीईओ Gaurav Munjal ने आशंका जताई है कि यह साल और भयावह होने वाला है। गौरव के मुताबिक पिछला साल टेक कंपनियों के एंप्लॉयीज के लिए जितना भयावह था, 2023 उससे भी बुरा होगा। गौरव ने यह ट्वीट पिछले साल 27 नवंबर 2022 को किया था और इस साल के शुरुआती पांच दिनों में जैसी छंटनी हुई है, उनकी बात सच होती दिख रही है।
पिछला साल सबसे अधिक छंटनी Meta में
Layoffs Tracker के आंकड़ों के मुताबिक पिछले साल 2022 में 2,43,468 एंप्लॉयीज की छंटनी हुई थी और सबसे अधिक नवंबर में लोगों को काम से निकाला गया था। नवंबर में 204 कंपनियों ने 71,416 एंप्लॉयीज की छंटनी की थी। पिछले साल सबसे अधिक छंटनी फेसबुक (Facebook) की पैरेंट कंपनी मेटा (Meta) में हुई थी और इसने नवंबर में 11 हजार को काम से निकाल दिया था। इसके बाद एचपी का नंबर रहा जिसने 6 हजार एंप्लॉयीज की छंटनी की थी। अमेरिका के बाहर सबसे अधिक छंटनी तुर्की के ऐप-बेस्ड ग्रॉसरी और कुरियर डिलीवरी सर्विसेज मुहैया कराने वाली Getir ने की। इस स्टार्टअप ने अपने 14 फीसदी यानी 4480 एंप्लॉयीज को काम से निकाल दिया था।