L&T का शेयर 5 दिन में 7% लुढ़का, कुवैत के $8.7 अरब के टेंडर्स पर अनिश्चितता से जेएम फाइनेंशियल ने जताई एक बड़ी चिंता

L&T Share Price: शेयर 14 जनवरी को लगातार पांचवें ट्रेडिंग सेशन में गिरे हैं। खबरें हैं कि कुवैत 8.7 अरब डॉलर के ऑयल प्रोजेक्ट टेंडर रद्द करने की योजनाओं पर चर्चा कर रहा है। कंपनी में पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है

अपडेटेड Jan 14, 2026 पर 4:11 PM
Story continues below Advertisement
Stock Market Highlight: सेंसेक्स वीकली एक्सपायरी के दिन उतार-चढ़ाव जारी और मेटल, PSU बैंक शेयरों में अच्छी खरीदारी रही। निफ्टी मेटल इंडेक्स 2.5% से ज्यादा चढ़ा।

इंजीनियरिंग और कंस्ट्रक्शन कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के शेयरों में 14 जनवरी को भी गिरावट है। दिन में BSE पर शेयर पिछले बंद भाव से 0.80 प्रतिशत तक गिरकर 3857 रुपये के लो तक गया। बाद में 0.58 प्रतिशत गिरावट के साथ 3865.50 रुपये पर सेटल हुआ। जेएम फाइनेंशियल ने L&T के लिए एक सतर्क रुख वाला नोट जारी किया है। इसमें कहा गया है कि कुवैत द्वारा कुछ टेंडर रद्द करने की खबरों से कंपनी के लिए नए ऑर्डर मिलने की स्पष्टता पर असर पड़ सकता है। ऐसी खबरें हैं कि कुवैत 8.7 अरब डॉलर के ऑयल प्रोजेक्ट टेंडर रद्द करने की योजनाओं पर चर्चा कर रहा है। कहा जा रहा है कि इन टेंडर्स के लिए L&T ने भी बोली लगाई थी।

मीडिया कंपनी मिडिल ईस्ट इकोनॉमिक डाइजेस्ट (MEED) ने मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया है कि कुवैत के 5 बड़े अपस्ट्रीम कॉन्ट्रैक्ट्स के लिए बोलियां बजट से काफी ज्यादा आईं। इससे कॉस्ट एफिशिएंसी और वित्तीय प्रभाव को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इसके बाद कुवैत ने टेंडर रद्द करने पर चर्चा शुरू की है। अब टेंडर्स के लिए रीबिड पर विचार किया जा रहा है।

L&T ने शेयर बाजारों को एक क्लैरिफिकेशन में साफ किया है कि रिपोर्ट में बताए गए कुवैत के प्रोजेक्ट कंपनी की ऑर्डर बुक का हिस्सा नहीं थे। कंपनी अपने क्लाइंट्स के टेंडर की स्थिति या कमर्शियल फैसलों पर टिप्पणी नहीं कर सकती।


जेएम फाइनेंशियल ने क्या रखी रेटिंग और टारगेट

अपने नोट में जेएम फाइनेंशियल ने कहा है कि उसने पहले ही बताया था कि L&T कुवैत में 5 अरब डॉलर के टेंडर के लिए अच्छी स्थिति में है। इसलिए, इन बोलियों में किसी भी संभावित देरी या इनके रद्द होने से L&T के ऑर्डर इनफ्लो पर बुरा असर पड़ सकता है। फिर भी जेएम फाइनेंशियल को उम्मीद है कि L&T वित्त वर्ष 2026 के लिए अपने 10 प्रतिशत सालाना ऑर्डर इनफ्लो के ग्रोथ गाइडेंस को पूरा करेगी। कंपनी का अप्रैल-दिसंबर 2025 का ऑर्डर इनफ्लो 3.2 लाख करोड़ रुपये था और जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के लिए मजबूत संभावनाएं हैं।

हालांकि, कुवैत के टेंडर्स में संभावित देरी या उनके रद्द होने को ध्यान में रखते हुए जेएम फाइनेंशियल ने FY26-28 के लिए मुख्य ऑर्डर इनफ्लो अनुमानों में 5-6 प्रतिशत की कटौती की है। ब्रोकरेज ने कहा, "इससे हमारे FY28E के लिए कोर EBITDA अनुमान में लगभग 3% की कटौती होती है।" जेएम फाइनेंशियल ने L&T के स्टॉक के लिए 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस 4,500 रुपये प्रति शेयर रखा है।

Groww Q3 Results: दिसंबर तिमाही में मुनाफा 28% गिरा, रेवेन्यू 25% बढ़ा; शेयर लाल निशान में

L&T शेयर 5 दिन में 7 प्रतिशत टूटा

L&T के शेयर 14 जनवरी को लगातार पांचवें ट्रेडिंग सेशन में गिरे हैं। इन 5 दिनों में शेयर 7 प्रतिशत से ज्यादा फिसला है। कंपनी का मार्केट कैप गिरकर 5.31 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है। शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। कंपनी में पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 4,194.70 रुपये और एडजस्टेड लो 2,967.65 रुपये है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।