Laurus Labs Shares: फार्मा सेक्टर की दिग्गज कंपनी लौरस लैब्स ने निवेशकों को फटाफट तगड़ा रिटर्न दिया है और एक साल में निवेशकों का पैसा डबल हो चुका है। इस ताबड़तोड़ तेजी के बाद अभी शेयरों में और उछाल की गुंजाइश है और मोतीलाल ओसवाल के बुलिश रुझान पर शेयर आज ढाई फीसदी से अधिक उछल पड़े। इस तेजी का कुछ निवेशकों ने फायदा उठाया जिससे भाव थोड़े नरम पड़े लेकिन अब भी यह काफी मजबूत स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 1.32% की बढ़त के साथ ₹1090.15 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 2.55% चढ़कर ₹1103.35 तक पहुंच गया था।
किस भाव तक चढ़ सकते हैं Laurus Labs के शेयर?
घरेलू ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने लौरस लैब्स के शेयरों की खरीदारी की रेटिंग को बरकरार रखा है और टारगेट प्राइस प्रति शेयर ₹1,280 पर फिक्स किया है। ब्रोकरेज फर्म का यह रुझान पियर्स के साथ तुलना के बाद आया है। मोतीलाल ओसवाल ने CDMO (कॉन्ट्रैक्ट डेवलपमेंट एंड मैन्युफैक्चरिंग ऑर्गेनाइजेशन) पियर्स के वास्तविक आंकड़ें और वित्तीय प्रदर्शनों की तुलना की जिसमें मिली-जुली रिकवरी दिखी। कुछ कंपनियों को प्रोग्राम में देरी, स्टॉक में कमी और सुस्त कमर्शियल कंवर्जन्स का सामना करना पड़ा।
मोतीलाल ओसवाल का कहना है कि अपने पियर्स के मुकाबले लौरस लैब्स का परफॉरमेंस बेहतर रहा। इस वित्त वर्ष 2026 की शुरुआती नौ महीने में सालाना आधार पर एग्जीक्यूशन ग्रोथ 30% और ऑपरेटिंग मार्जिन 26% रही जिसे सीडीएमओ और फॉर्म्यूलेशन सेगमेंट्ल में तेजी से सपोर्ट मिला। मोतीलाल ओसवाल के मुताबिक अहम कैपेक्स और कैपेसिटीज में विस्तार के साथ लौरस लैब्स सीडीएमओ डिविजन में अपनी ग्रोथ को बनाए रखने, कमर्शियल सप्लाई में तेजी से फायदा उठाने और सीडीएमओ साइकल के अगले चरण में लीड पोजिशन बरकरार रखने के लिए अच्छी स्थिति में है। ब्रोकरेज फर्म को उम्मीद है कि लौरस लैब्स वित्त वर्ष 2026 में ₹850 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हासिल करेगी जोकि वित्त वर्ष 2028 तक ₹1,150 करोड़ तक पहुंच जाएगी यानी कि इस दौरान कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 16% की रफ्तार (CAGR) से बढ़ सकता है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
लौरस लैब्स के शेयरों ने निवेशकों की ताबड़तोड़ कमाई कराई है और महज 9 महीने में ही निवेशकों के पैसों को दोगुने से अधिक कर दिया। पिछले साल 7 अप्रैल 2025 को यह ₹517.05 पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह 9 ही महीने में 120.66% उछलकर 7 जनवरी 2026 को ₹1140.90 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इसके शेयरों के आगे के चाल की बात करें तो इसे कवर करने वाले 18 एनालिस्ट्स में से 8 ने इसे खरीदारी, 4 ने होल्ड और 6 ने सेल रेटिंग दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।