Manappuram Finance News: गोल्ड लोन बांटने वाली दिग्गज कंपनी मणप्पुरम फाइनेंस के शेयरों में आज शुरुआती कारोबार में बिकवाली का तेज दबाव दिखा। यह मुनाफावसूली ऐसे समय में आई है, जब कंपनी ने ऐलान किया कि इसके सीईओ दीपक रेड्डी मेडिकल लीव पर रहेंगे। मणप्पुरम फाइनेंस ने इस बात का जानकारी एक कारोबारी दिन पहले 25 फरवरी को एक्सचेंज फाइलिंग में दी। इसके झटके से कंपनी के शेयर करीब 4% टूट गए। हालांकि निचले स्तर पर खरीदारी के चलते अधिक गिरावट कवर हो गई लेकिन अब भी यह काफी कमजोर स्थिति में है। आज बीएसई पर यह 1.16% की फिसलन के साथ ₹293.10 के भाव (Manappuram Finance Share Price) पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 3.76% टूटकर ₹285.40 तक आ गया था।
Manappuram Finance के सीईओ कब तक रहेंगे छुट्टी पर?
मणप्पुरम फाइनेंस ने एक्सचेंज फाइलिंग में खुलासा किया है कि सीईओ और मैनेजमेंट के अहम शख्स दीपक रेड्डी मेडिकल लीव पर जा रहे हैं। वह अपने इलाज के लिए विदेश जाएंगे जिसके चलते उन्होंने 25 फरवरी 2026 से छुट्टी ली है। वह 90 से 120 दिनों की छुट्टी पर रह सकते हैं जोकि इलाज पर निर्भर करेगा।
Bain Capital के प्रस्तावित खरीदारी को RBI से मिली मंजूरी
मणप्पुरम फाइनेंस के शेयरों पर एक और बात का असर है। आरबीआई से इसे बेन कैपिटल के प्रस्तावित खरीदारी को मंजूरी मिली है। आरबीआई से इसे बैन कैपिटल के कंपनी में 41.66% तक हिस्सेदारी के अधिग्रहण और कंपनी ने ज्वाइंट कंट्रोल को लेकर फाइनल मंजूरी मिल गई है। इस लेन-देन के बाद बैन कैपिटल को कंपनी की प्रमोटर कैटेगरी में रखा जाएगा।
बता दें कि मार्च 2025 में हुए डेफिनिटिव एग्रीमेंट्स के तहत बेन कैपिटल ने पूर्ण रूप से डाइल्यूटेड बेसिस पर ₹236 के भाव पर प्रिफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए करीब ₹4,385 करोड़ में 18% हिस्सेदारी खरीदने के लिए प्रतिबद्धता जताई थी। यह निवेशक सहयोगी कंपनियों- BC Asia Investment XXV और BC Asia Investments XIV के जरिए होगा। साथ ही पब्लिक इंवेस्टर्स से प्रति शेयर ₹236 के भाव पर 26% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के लिए ओपन ऑफर पेश करेगी। निवेश के बाद बेन कैपिटल की मणप्पुरम फाइनेंस में बेन कैपिटल की हिस्सेदारी 18.0%-41.7% के बीच रह सकती है तो मौजूदा प्रमोटर ग्रुप की होल्डिंग करीब 28.9% रह सकती है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
मणप्पुरम फाइनेंस के शेयर पिछले साल 3 मार्च 2025 को ₹194.70 पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से यह दस महीने में 64.84% उछलकर 7 जनवरी 2025 को ₹320.95 पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।