Lenskart Share Price: मुनाफे में जबरदस्त बढ़ोतरी से शेयर उछला, पहली बार गया ₹600 के पार; ब्रोकरेज को और कितनी तेजी की उम्मीद

Lenskart Solutions Share Price: जून 2026 तिमाही में ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 43.3 प्रतिशत बढ़ गया। लेंसकार्ट सॉल्यूशंस ने तिमाही के दौरान 132 नए स्टोर खोले। कुल खर्च 2483.52 करोड़ रुपये के दर्ज किए गए

अपडेटेड Aug 13, 2026 पर 4:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
जून तिमाही के दौरान Lenskart का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 269.24 प्रतिशत बढ़ गया।

चश्मे बनाने वाली कंपनी लेंसकार्ट सॉल्यूशंस के शेयरहोल्डर आज, 13 अगस्त को फायदे में हैं। कंपनी के मुनाफे में शानदार बढ़ोतरी के बाद शेयर खरीद बढ़ी। दिन में BSE पर शेयर की कीमत पिछले बंद भाव से करीब 7 प्रतिशत तक उछलकर 627.35 रुपये तक गई। यह 52 सप्ताह का नया हाई है। शेयर ने पहली बार 600 रुपये का मार्क क्रॉस किया। बाद में शेयर 1.6 प्रतिशत बढ़त के साथ 596 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा है। लेंसकार्ट ने एक दिन पहले अप्रैल-जून 2026 तिमाही के नतीजे जारी किए थे। तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 269.24 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी के बाद 221.84 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 60.08 करोड़ रुपये था।

ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 43.3 प्रतिशत बढ़कर 2,714.18 करोड़ रुपये हो गया, जो जून 2025 तिमाही में 1,894.46 करोड़ रुपये था। भारत से रेवेन्यू 30.7 प्रतिशत बढ़कर 1,531 करोड़ रुपये रहा, जबकि अंतरराष्ट्रीय कारोबार से रेवेन्यू सालाना आधार पर 38 प्रतिशत बढ़कर 1,203 करोड़ रुपये हो गया।

लेंसकार्ट सॉल्यूशंस ने जून 2026 तिमाही के दौरान 132 नए स्टोर खोले। इसके बाद इसके एक्टिव स्टोर्स की कुल संख्या बढ़कर 3,459 हो गई है। कुल खर्च 2483.52 करोड़ रुपये के दर्ज किए गए, जो जून 2025 तिमाही में 1836.58 करोड़ रुपये के थे।


Lenskart स्टॉक पर ब्रोकरेज की राय

लेंसकार्ट के शेयर को कवर कर रहे 21 एनालिस्ट्स में से 17 ने 'बाय' रेटिंग दी है। 3 ने 'होल्ड' और एक ने 'सेल' की सलाह दी है। जेफरीज ने स्टॉक पर 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस बढ़ाकर 680 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ब्रोकरेज का कहना है कि मांग के बजाय आपूर्ति कंपनी के लिए प्रमुख बाधा बनी हुई है। सिटी ने 650 रुपये प्रति शेयर के टारगेट प्राइस के साथ 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी है। कहा है कि लेंसकार्ट के मार्जिन को हायर एवरेज सेलिंग प्राइस, बेहतर प्रोडक्ट मिक्स, इन-हाउस मैन्युफैक्चरिंग और ऑपरेटिंग लेवरेज से लाभ होता है।

सिटी को उम्मीद है कि कंपनी की ग्रोथ की रफ्तार अच्छी बनी रहेगी। इसे स्टोर्स में बढ़ोतरी और कस्टमर एक्वीजीशन का सपोर्ट मिलेगा। HSBC ने स्टॉक के लिए 'होल्ड' रेटिंग बरकरार रखी है। टारगेट प्राइस 575 रुपये प्रति शेयर दिया है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2027 और ​2028 के लिए EBITDA अनुमानों को क्रमशः 6 प्रतिशत और 5 प्रतिशत बढ़ाया है।

इन डेवलपमेंट्स की भी की घोषणा

कंपनी ने शेयर बाजारों को यह भी जानकारी दी कि इसके बोर्ड ने चीन में फ्रेम बनाने वाले अपने जॉइंट वेंचर बाओफेंग फ्रेमकार्ट टेक्नोलॉजी लिमिटेड में हिस्सेदारी 51 प्रतिशत से बढ़ाकर 70 प्रतिशत करने को भी मंजूरी दी है। अतिरिक्त हिस्सेदारी का अधिग्रहण करीब 75 लाख चीनी युआन (लगभग 10.6 करोड़ रुपये) में किया जाएगा। इसके अलावा लेंसकार्ट दक्षिण कोरिया में ‘ओनडेज कोरिया’ और चीन में ‘वेनझोउ फ्रेमकार्ट ट्रेड कंपनी लिमिटेड’ नाम से स्टेप डाउन सब्सिडियरी कंपनियां शुरू करने वाली है।

कंपनी के बोर्ड ने अपने 100 प्रतिशत मालिकाना हक वाली सब्सिडियरी कंपनियों डील्सकार्ट ऑनलाइन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड और लेंसकार्ट आईटेक प्राइवेट लिमिटेड का लेंसकार्ट सॉल्यूशंस लिमिटेड में विलय करने की योजना को भी मंजूरी दे दी है।

Tata Motors PV Q1 Results: पैसेंजर व्हीकल मेकर के तिमाही नतीजे आज, 13 अगस्त को; शेयर 3% तक चढ़ा

MSCI इंडिया इंडेक्स में एंट्री

MSCI इंडिया इंडेक्स में लॉरस लैब्स, लेन्सकार्ट सॉल्यूशंस, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस और ग्रो की पेरेंट कंपनी बिलियनब्रेन्स गैराज वेंचर्स की एंट्री हुई है। दूसरी ओर एस्ट्रल, बालकृष्ण इंडस्ट्रीज और SBI कार्ड्स एंड पेमेंट सर्विसेज को इंडेक्स से हटा दिया गया है। MSCI ने कहा कि ये बदलाव 31 अगस्त को ट्रेडिंग बंद होने के बाद लागू होंगे और 1 सितंबर से प्रभावी होंगे। नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के अनुसार, MSCI इंडिया इंडेक्स में शामिल होने से लेंसकार्ट सॉल्यूशंस में 35.2 करोड़ डॉलर का निवेश आ सकता है।

लेंसकार्ट ने 10 नवंबर, 2025 को शेयर बाजार में एंट्री की थी। इसका IPO 7278.02 करोड़ रुपये का था। शेयर साल 2026 में अब तक 36 प्रतिशत चढ़ा है। शेयर इस वक्त अपने IPO प्राइस 402 रुपये से 48 प्रतिशत ज्यादा कीमत पर है।

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।