LIC Share Price: क्या सच में 50% क्रैश हुआ है भारतीय जीवन बीमा निगम का शेयर? क्यों दिख रही है इतनी बड़ी गिरावट

LIC Share Price: बोनस इश्यू के चलते शेयर की कीमत एडजस्ट हुई है। प्राइस एडजस्टमेंट से शेयरहोल्डर वैल्यू में कोई नुकसान नहीं हुआ है। बोनस शेयरों के अलॉटमेंट की तारीख 1 जून है। कंपनी में सरकार के पास 96.50 प्रतिशत हिस्सा है

अपडेटेड May 29, 2026 पर 4:43 PM
Story continues below Advertisement
LIC पहली बार बोनस शेयर दे रही है।

भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के शेयरों में 29 मई को पिछली क्लोजिंग से 50 प्रतिशत की गिरावट दिख रही है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या सच में शेयर क्रैश हुआ है? अगर नहीं तो फिर भाव इतना कम क्यों दिख रहा है। इसका जवाब है बोनस इश्यू। दरअसल LIC पहली बार बोनस शेयर दे रही है। शेयरहोल्डर्स को उनके पास मौजूद हर एक शेयर पर एक नया शेयर बोनस के तौर पर मिलेगा। इसके लिए शेयर शुक्रवार को एक्स-बोनस ट्रेड कर रहा है। बोनस इश्यू के चलते शेयर की कीमत एडजस्ट हुई है।

इसीलिए शेयर का ओपनिंग प्राइस, पिछली क्लोजिंग से 50 प्रतिशत कम हो गया। NSE पर LIC का शेयर 27 मई को 830 रुपये पर बंद हुआ था। 29 मई को यह 417.60 रुपये पर खुला। कारोबार खत्म होने पर शेयर 411.35 रुपये पर सेटल हुआ। गुरुवार, 28 मई को बकरीद के मौके पर शेयर बाजारों में छुट्टी थी। प्राइस एडजस्टमेंट से शेयरहोल्डर वैल्यू में कोई नुकसान नहीं हुआ है।

किसे और कब मिलेंगे LIC के बोनस शेयर


LIC के बोनस इश्यू के तहत 29 मई तक जिनके नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे बोनस शेयर के हकदार होंगे। लेकिन आज, शुक्रवार को शेयर को खरीदने पर इस बोनस इश्यू का फायदा नहीं मिलेगा। बोनस शेयरों के अलॉटमेंट की तारीख 1 जून है। शेयर की फेस वैल्यू 10 रुपये है।

LIC वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 10 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड भी दे रही है। रिकॉर्ड डेट 25 जून है। डिविडेंड पर 27 जुलाई को कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। वित्त वर्ष 2025 के लिए कंपनी ने 12 रुपये का फाइनल डिविडेंड दिया था। कंपनी में सरकार के पास 96.50 प्रतिशत हिस्सा है।

मार्च तिमाही में मुनाफा 23 प्रतिशत बढ़ा

LIC का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 23 प्रतिशत बढ़कर 23,467 करोड़ रुपये हो गया। कुल आय बढ़कर 2,53,592 करोड़ रुपये हो गई, जो मार्च 2025 तिमाही में 2,22,805 करोड़ रुपये थी। नेट प्रीमियम इनकम सालाना आधार पर 11 प्रतिशत बढ़कर 1.64 लाख करोड़ रुपये रही। पूरे वित्त वर्ष 2026 के लिए कंपनी का शुद्ध मुनाफा 19 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 57,419 करोड़ रुपये रहा। कुल आय बढ़कर 9,73,288 करोड़ रुपये रही।

Bio Medica Laboratories Listing: 20% घाटे में लिस्टिंग के बाद और 5% गिरा शेयर, लगा लोअर सर्किट

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।