LIC Share Price: भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के शेयरों में आज 8 अगस्त को 4.5% से अधिक की शानदार तेजी देखने को मिली। यह तेजी कंपनी के जून तिमाही के नतीजे जारी होने के बाद आई है। कई ब्रोकरेज फर्मों ने जून तिमाही के नतीजों के बाद LIC के शेयर पर भरोसा जताया है और इसमें मौजूदा स्तर से करीब 55% तक की तेजी आने की संभावना जताई है।
LIC को ट्रैक करने वाले 22 एनालिस्ट्स में से 17 ने शेयर को "Buy" की रेटिंग दी है। वहीं 4 एनालिस्ट्स ने इस शेयर को "होल्ड" करने और केवल 1 एनालिस्ट्स ने "बेचने" की सलाह दी है। हालांकि, कंपनी का फ्री-फ्लोट काफी कम है क्योंकि सरकार अभी भी LIC में 96.5% हिस्सेदारी रखती है और मई 2022 में आए IPO के दौरान केवल 3.5% हिस्सेदारी बेची थी।
जून तिमाही में LIC का न्यू बिजनेस प्रीमियम सालाना आधार पर 5% बढ़ा। वहीं वैल्यू ऑफ न्यू बिजनेस (VNB) मार्जिन में पिछले साल के मुकाबले 150 बेसिस प्वाइंट की बढ़ोतरी देखी गई।
ब्रोकरेज हाउस मैक्वेरी ने LIC के शेयर पर "आउटपरफॉर्म" की दी है और इसके लिए 1,215 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है। यह कंपनी के अब तक के ऑलटाइम हाई 1,222 रुपये के करीब है। मैक्वेरी का कहना है कि लागत अनुपात में कमी से VNB मार्जिन में सुधार आया है और भले ही VNB की लंबी अवधि की ग्रोथ दर ज्यादा न हो, लेकिन मौजूदा वैल्यूएशन शेयर को सपोर्ट कर रहा है।
सिटी ने LIC को "Buy" की रेटिंग देते हुए इसके लिए 1,370 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। यह इस शेयर को दलाल स्ट्रीट पर मिला सबसे ऊंचा टारगेट प्राइस है। सिटी का कहना है कि LIC के एक्टिवेशन रेट्स में सुधार आया है। साथ ही सम एश्योर्ड और प्रति एजेंट टिकट साइज में बढ़ोतरी देखने को मिली। कंपनी ने युवा टैलेंट को अपने एजेंट बेस को भी मजबूत बनाया है। ये सभी इस शेयर के लिए पॉजिटिव संकेत हैं।
हालांकि, इंडिविजुअल बिजनेस में मार्केट शेयर की स्थिरता LIC के लिए एक अहम नजर रखने वाला कारण रहेगा।
सुबह 9.36 बजे के करीब, एलआईसी के शेयर एनएसई पर 4 फीसदी की तेजी के साथ 920.05 रुपये के भाव पर कारोबार कर रहे थे। LIC के शेयर अपने 1,222 रुपये के ऑल-टाइम हाई से करीब 27% गिर चुके हैं और फिलहाल अपने आईपीओ प्राइस 949 रुपये से नीचे कारोबार कर रहे हैं। गुरुवार तक यह स्टॉक रिटेल निवेशकों के लिए तय किए गए 904 रुपये के भाव से भी नीचे कारोबार कर रहा था।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।