LIC Share Price: लाइफ इंश्योरेंस कॉरेपोरेशन (एलआईसी) के शेयरों में 15 अप्रैल को बड़ी तेजी दिखी। इसकी वजह बोनस शेयर इश्यू का ऐलान है। कंपनी ने 13 अप्रैल को बोनस शेयरों का ऐलान किया। इसका असर 15 अप्रैल को इसके शेयरों पर दिखा। देश की सबसे बड़ी इंश्योरेंस कंपनी ने 13 अप्रैल को कहा था कि बोर्ड ने 1:1 के रेशियो में बोनस इश्यू के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। एलआईसी का शेयर 15 अप्रैल को 11 बजे 3.68 फीसदी चढ़कर 834 रुपये पर चल रहा था।
शेयरहोल्डर्स को हर एक शेयर पर एक बोनस शेयर मिलेगा
LIC ने कहा है कि वह बोनस इश्यू के लिए 6,325 करोड़ रुपये का इस्तेमाल अपने रिजर्व और सरप्लस से करेगी। कंपनी ने कहा है कि बोनस इश्यू के प्रस्ताव को 13 अप्रैल को बोर्ड की मंजूरी मिली। इसके तहत कंपनी शेयरहोल्डर्स को हर एक शेयर पर एक बोनस शेयर इश्यू करेगी। बोनस शेयर के लिए रिकॉर्ड डेट का ऐलान कंपनी बाद में करेगी। अभी LIC में सरकार की 96.5 फीसदी हिस्सेदारी है। कंपनी ने मई 2022 में अपना आईपीओ पेश किया था। उसने आईपीओ में शेयर का प्राइस बैंड 902-949 रुपये रखा था। कंपनी ने आईपीओ के निवेशकों को 949 रुपये प्रति शेयर के रेट पर शेयर एलॉट किए थे।
एलआईसी के लिए ऑफर फॉर सेल का रास्ता खुल जाएगा
बोनस इश्यू से LIC के लिए आगे ऑफर फॉर सेल (OFS) पेश करने का रास्ता खुल जाएगा। सूत्रों का कहना है कि सरकार का एलआईसी का ओएफएस पेश करने का प्लान है। एलआईसी का अथॉराइज्ड इक्विटी शेयर कैपिटल 25,000 करोड़ रुपये है। इसका पेड-अप इक्विटी शेयर कैपिटल 6,325 करोड़ रुपये है। 31 दिसंबर, 2026 को कंपनी के पास 1,46,441 करोड़ रुपये का रिजर्व और सरप्लस था। FY26 के पहले 9 महीनों में कंपनी ने टैक्स के बाद 33,998 रुपये का प्रॉफिट कमाया था।
12 जून से पहले शेयरहोल्डर्स को एलॉट हो जाएंगे बोनस शेयर
एलआईसी का शेयर बीते एक महीने में 7.18 फीसदी चढ़ा है। हालांकि, इस साल यह शेयर 2.30 फीसदी गिरा है। कंपनी ने कहा कि बोनस इश्यू की प्रक्रिया बोर्ड की मंजूरी की तारीख से 2 दो महीने के अंदर पूरी हो जाएगी। इसका मतलब है कि 12 जून से पहले कंपनी के शेयरहोल्डर्स के डीमैट अकाउंट में बोनस इश्यू के शेयर आ जाएंगे। 2022 में शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद से यह कंपनी का पहला बोनस इश्यू है।
बोनस शेयर के ऐलान से एलआई के शेयरहोल्डर्स को होगा क्या फायदा?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि बोनस इश्यू में कंपनी के शेयरहोल्डर्स के शेयरों की संख्या बढ़ जाती है। लेकिन, इनवेस्टमेंट की कुल वैल्यू नहीं बदलती है। इसकी वजह यह है कि बोनस इश्यू में एलॉट होने वाले शेयरों की संख्या के हिसाब से शेयर की कीमत एडजस्ट हो जाती है। कंपनी के डिविडेंड देने का रिकॉर्ड अच्छा है। मई 2022 में लिस्टिंग के बाद से कंपनी ने पांच अंतरिम डिविडेंड दिए हैं।