LIC Shares Price: देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC (लाइफ इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया) के शेयरों में शु्क्रवार को दिन के कारोबार में तेजी देखी गई। कंपनी के शेयरों में यह तेजी मार्च तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद आई है। पिछले एक महीने में इसका शेयर 10.68% बढ़ चुका है।हालांकि स्टॉक के लिए यह साल अब तक खराब रहा है क्योंकि 2023 की शुरुआत से अबतक शेयर 14.73 फीसदी नीचे आ गया है। LIC के शेयरों का पिछले एक सालों का उच्चतम स्तर 841 रुपये है, जो इसने 30 मई 2022 को छुआ था। वहीं इसका 52-हफ्तों का निचला स्तर 530.20 रुपये है, जो इसने 29 मार्च 2023 को छुआ था।
एलआईसी ने 24 मई को अपने मार्च तिमाही के नतीजे जारी किए थे। कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका शुद्ध मुनाफा 447.47 फीसदी या करीब 5.5 गुना बढ़कर 13,190.79 करोड़ रुपये रहा, जो इसके पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में 2,409.39 करोड़ रुपये था।
बीमा कंपनी ने बताया कि मार्च तिमाही में उसका फर्स्ट ईयर प्रीमियम सालाना आधार पर 12.33 फीसदी गिरकर 12,811.2 करोड़ रुपये रहा। हालांकि रिन्यूअल प्रीमियम 6.8 फीसदी बढ़कर 76,009 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
LIC को मार्च तिमाही में शुद्ध कमीशन से 8,428.5 करोड़ रुपये की आय हुई। यह पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही के मुकाबले 5.4 फीसदी और तिमाही आधार पर 33.4 फीसदी अधिक है।
एनालिस्ट्स का कहना है कि LIC का मौजूदा वैल्यूएशन काफी आकर्षक है और उन्हें इसमें मौजूदा स्तर से 57 फीसदी तक की तेजी की उम्मीद दिख रही है।
जेएम फाइनेंशियल ने कहा कि LIC फिलहाल अपने वित्त वर्ष 2025 के अनुमानित EV के 0.5 गुना पर ट्रेड कर रहा है, जो कम वैल्यूएशन है। उम्मीद है कि ग्राहकों की बड़ी संख्या ((27.80 करोड़ इंडिविजुअल पॉलिसी), विशाल एजेंसी नेटवर्क, मजबूत ब्रांड इक्विटी और सबसे अहम LIC पॉलिसियों से जुड़ी सरकारी गांरटी जैसी वजहों को देखते हुए इस स्टॉक को फिर से रेट किया जाएहा।
LIC के मार्च तिमाही के नतीजों के बाद JM फाइनेंशियल ने इसके स्टॉक पर अपनी 'BUY (खरीदें)' रेटिंग बरकरार रखी है और इसके लिए 940 रुपये का टारगेट प्राइस तय किया है।
इसके अलावा मोतीलाल ओसवाल ने LIC के शेयरों पर 830 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ BUY बरकरार रखी है। वहीं विदेशी ब्रोकरेज फर्म मैक्वेयरी (Macquarie) LIC को 850 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है। शुक्रवार 26 मई को कारोबार बंद होते समय, LIC के शेयर 0.066% की तेजी के साथ 604 रुपये के भाव पर बंद हुए।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।