Stock Market Live Updates- प्रोग्रेसिव शेयर्स का आज के लिए बाजार पर नजरिया
प्रोग्रेसिव शेयर्स के निदेशक आदित्य गग्गर का कहना है कि शुरुआती कारोबार में अचानक आई तेजी के बाद इंडेक्स बाकी कारोबारी दिन सीमित दायरे में रहा। वीकली एक्सपायरी वाले दिन निफ्टी 51 अंकों की बढ़त के साथ 23,567 पर बंद हुआ। अलग-अलग सेक्टरों की बात करें तो मेटल और रियल्टी सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले इंडेक्स रहे। इनमें 1.80 फीसदी से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। वहीं, ऑटो सेक्टर में मुनाफावसूली के चलते करेक्शन दिखा। फार्मा सेक्टर में सबसे ज्यादा दबाव रहा। वहीं, केमिकल और फर्टिलाइजर शेयरों का दबदबा रहा। इनमें से अधिकांश में 10-20 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई।
एक दिन के विराम के बाद, मिड और स्मॉलकैप ने अपना बेहतर प्रदर्शन जारी रखा। स्पिनिंग टॉप कैंडलस्टिक पैटर्न के साथ, निफ्टी के लिए कुछ भी नहीं बदला है यानी नीचे की तरफ 23,340 पर सपोर्ट कायम है जबकि ऊपर की ओर 23,660 पर रजिस्टेंस बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों से, इंडेक्स एक रेंज में घूम रहा है। इस रेंज के किसी भी तरफ ब्रेकआउट मिलने पर बाजार की दिशा साफ होगी।