चॉकलेट बनाने वाली दिग्गज कंपनी लोटस चॉकलेट (Lotus Chocolate) के शेयरों ने 5 फीसदी की तेजी के साथ 122.95 रुपये के भाव (Lotus Chocolate Share Price) पर अपर सर्किट छू लिया। इसके शेयरों की खरीदारी रिलायंस (Reliance) ग्रुप की रिटेल इकाई रिलायंस रिटेल (Reliance Retail) के चलते हो रही है। रिलायंस रिटेल चॉकलेट कंपनी की 51 फीसदी यानी कि मेजॉरिटी हिस्सेदारी खरीदेगी। इसके लिए 113 रुपये का भाव तय किया गया है। इस ऐलान के चलते ही लोटस चॉकलेट के शेयरों ने अपर सर्किट छू लिया लेकिन ट्रेडिंग वॉल्यूम 3591 यानी बहुत ही कम है।
Lotus Chocolate की और हिस्सेदारी खरीदेगी Reliance Retail
रिलायंस रिटेल ने लोटस चॉकलेट की 51 फीसदी की हिस्सेदारी खरीदने का ऐलान किया है। इसके अलावा रिलायंस की रिटेल इकाई लोटस चॉकलेट की अतिरिक्त 26 फीसदी हिस्सेदारी ओपन ऑफर के जरिए खरीदेगी। अभी प्रमोटर और प्रमोटर ग्रुप की चॉकलेट कंपनी में 72 फीसदी हिस्सेदारी है। इसका फ्री फ्लोट मार्केट 44.21 करोड़ रुपये है। शेयर पर्चेज एग्रीमेंट के मुताबिक रिलायंस रिटेल 113 रुपये के भाव पर 6.5 लाख इक्विटी शेयर खरीदेगी। ये शेयर अनंत पी पई और प्रकाश पी पई बेचेंगे। इसके बाद रिलायंस रिटेल 33 लाख इक्विटी शेयरों को ओपन ऑफर के जरिए पब्लिक शेयरहोल्डर्स से खरीदेगी।
रिलायंस रिटेल की एग्जेक्यूटिव डायरेक्टर ईशा अंबानी (Isha Ambani) ने इस अधिग्रहण पर कहा कि उनकी कंपनी हर दिन इस्तेमाल होने वाले हाई क्वालिटी के प्रोडक्ट्स के विस्तार और सस्ते भाव में ग्राहकों को प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराने के लिए ही लोटस में निवेश कर रही है। लोटस चॉकलेट का सेटअप 1988 में हुआ था। यह कोका और चॉकलेट प्रोडक्ट्स की सप्लाई करती है। वित्त वर्ष 2023 में की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर 2022 में कंपनी को 14.63 करोड़ रुपये की नेट बिक्री पर 49 लाख रुपये का नुकसान हुआ था। पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी ने 20.95 करोड़ रुपये की बिक्री की थी और 1.52 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट हासिल किया था।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल, नेटवर्क18 ग्रुप का हिस्सा है। नेटवर्क18 का नियंत्रण इंडिपेंडेट मीडिया ट्रस्ट करता है, जिसकी एकमात्र लाभार्थी रिलायंस इंडस्ट्रीज है।