एलएंडटी (L&T) के शेयरों में आज खरीदारी का शानदार रुझान दिखा। शेयर बायबैक ने इसके शेयरों को लेकर आज पॉजिटिव माहौल तैयार किया जिसके चलते आज कमजोर मार्केट सेंटिमेंट में भी आज यह करीब 3 फीसदी मजबूत हुआ। लार्सन एंड टर्बो (L&T) का बायबैक ऑफर आज खुला है और 25 सितंबर तक खुला रहेगा। शेयरों की बात करें तो आज इंट्रा-डे में यह बीएसई पर 3.07 फीसदी उछलकर 2929.75 रुपये पर पहुंच गया था। हालांकि फिर मुनाफावसूली के चलते भाव में काफी नरमी आई और दिन के आखिरी में यह बीएसई पर 0.30 फीसदी की मजबूती के साथ 2919.60 रुपये के भाव (L&T Share Price) पर बंद हुआ।
L&T Buback Offer की डिटेल्स
एलएंडटी बायबैक ऑफर आज खुल गया गया है। इसके तहत अपने शेयर 25 सितंबर तक कंपनी को वापस बेच सकेंगे। कंपनी ने इसके लिए 3200 रुपये का भाव फिक्स किया है। यह भाव बीएसई पर आज के क्लोजिंग प्राइस 2919.60 रुपये से 9.60 फीसदी और शुक्रवार 15 सितंबर के क्लोजिंग प्राइस 2910.80 रुपये से 9.93 फीसदी प्रीमियम पर है। पहले कंपनी ने बायबैक प्राइस 3000 रुपये तय किया था लेकिन फिर इसे बढ़ाकर 3200 रुपये कर दिया। इस ऑफर के तहत कंपनी 2 रुपये की फेस वैल्यू वाले 3,12,50,000 शेयरों को वापस खरीदेगी।
L&T क्यों वापस खरीद रही अपने शेयर
एनालिस्ट्स के मुताबिक कंपनी की रणनीतिक योजना Lakshya ’26 का उद्देश्य इक्विटी यानी शेयरों पर रिटर्न (RoE) बढ़ाना है। ब्रोकरेज फर्म प्रभुदास लीलाधर के मुताबिक शेयरहोल्डर्स को उनकी शेयर पूंजी पर रिटर्न लौटाने की प्रक्रिया इसी दिशा में एक अहम कदम है। CLSA ने 13 सितंबर की अपनी रिपोर्ट में अनुमान लगाया कि बायबैक के चलते इसका RoE वित्त वर्ष 2023 में 12 फीसदी से बढ़कर 18 फीसदी पर पहुंच सकता है। एलएंडटी ने वित्त वर्ष 2026 तक RoE के 18 फीसदी पर पहुंचने का लक्ष्य रखा है।
निवेशकों को क्या करना चाहिए?
मार्केट एक्सपर्ट अंबरीष बालिगा का मानना है कि खुदरा निवेशकों को बायबैक में अपने शेयर टेंडर कर देने चाहिए। ब्रोकरेज फर्म शेयरखान की एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट खदीजा मंत्री ने भी निवेशकों को अपने शेयर टेंडर करने की सलाह दी है क्योंकि ऑफर प्राइस मौजूदा भाव से करीब 9-10 फीसदी प्रीमियम पर है। हालांकि खदीजा का मानना है कि जितने शेयर टेंडर होंगे, उसका बहुत कम हिस्सा ही कंपनी स्वीकृत करेगी क्योंकि यह कुल इक्विटी की सिर्फ 2.2 फीसदी ही बायबैक कर रही है। कंपनी पहली बार अपने शेयरों की वापस खरीदारी कर रही है।
कैसे टेंडर कर सकते हैं शेयर
एलएंडटी के मुताबिक इसके शेयर बीएसई और एनएसई पर टेंडर कर सकते हैं। इसके लिए एक्विजिशन विंडो दोनों एक्सचेंजों पर उपलब्ध होगा। अब जो शेयरहोल्डर्स अपने शेयरों को टेंडर करना चाहते हैं, वे अपने स्टॉक ब्रोकर के जरिए एक्विजिशन विंडो के तहत ऑर्डर प्लेस कर सकते हैं। यह काम ट्रेडिंग ऑवर्स के दौरान ही कर सकेंगे और सिर्फ एक्विजिशन विंडो के जरिए ही। इसमें आपको बताना होगा कि कितने शेयरों को आप टेंडर करना चाहते हैं।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।