Lupin Share Price: दवा बनाने वाली वैश्विक कंपनी Lupin के शेयर उछलकर एक साल के हाई के करीब पहुंच गए हैं। इसके शेयरों में आज तेजी इसकी एचआईवी (HIV) दवा के चलते दिख रही है जिसे अमेरिकी दवा नियामक USFDA से अस्थायी मंजूरी मिली है। पिछले हफ्ते शुक्रवार को यह एक फीसदी से अधिक टूटकर बंद हुआ था लेकिन अब अमेरिकी दवा नियामक की मंजूरी से इसे सपोर्ट मिला और आज 1 फीसदी से अधिक रिकवर होकर यह 945 रुपये पर पहुंच गया। शुक्रवार को यह एक साल के हाई 947.95 रुपये पर पहुंचा था।
मुनाफावसूली के चलते दिन के आखिरी में बीएसई पर यह 0.12 फीसदी तेजी के साथ 936 रुपये पर बंद हुआ। इसके अलावा लुपिन में कारोबारी हलचल की बात करें तो अगले हफ्ते 3 अगस्त को यह जून तिमाही के नतीजे जारी कर सकती है। उस दिन इसके बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की बैठक है।
नागपुर में बनेगी Lupin की HIV दवा
लुपिन की दवा को अमेरिका के प्रेसिडेंट्स इमरजेंरी प्लान फॉर एड्स रिलीफ (PEPFAR) के तहत अमेरिकी दवा नियामक ने अस्थायी मंजूरी दी है। लुपिन की डोल्यूटेग्रेविर लैमिवुडिन (Dolutegravir Lamivudine) और टेनोफोविर अलाफेनमाइड (Tenofovir Alafenamide) टैबलेट को मंजूरी मिली है। ये दोनों दवाईयां कंपनी के नागपुर में स्थित प्लांट में बनेंगी।
पिछले हफ्ते कुछ और बीमारियों के लिए लॉन्च हुई थी दवाई
लुपिन के पूर्ण मालिकाना हक वाली जर्मनी की हार्मोसन फार्मा बीएच (Hormosan Pharma GmbH - Hormosan) ने पिछले हफ्ते लुब्रोफेक 100/6 (Luforbec 100/6 ) लॉन्च किया था। वयस्कों में अस्थमा और क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज (COPD) के इलाज के लिए तैयार किए गए इस प्रेशराइज्ड मीटर्ड डोज इनहेलर (pMDI) में Beclometasone 100 µg और Formoterol 6 µg का फिक्स्ड कॉम्बिनेशन है। इसके अलावा कंपनी ने न्यूरो रिहैब बिजनेस के लिए पूर्ण मालिकाना हक वाली लुपिन अथर्व एबिलिटी लिमिटेड (Lupin Atharv Ability Limited) भी शुरू किया है।