महिंद्रा ग्रुप का मार्केट कैपिटलाइजेशन 20 सितंबर को फिर से 6 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसमें महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में आई 5 फीसदी से ज्यादा तेजी का हाथ रहा। यह महिंद्रा ग्रुप की सबसे अहम कंपनी है। इस ग्रुप की वैल्यूएशन में इस कंपनी की 60 फीसदी हिस्सेदारी है। इससे पहले जुलाई में इस ग्रुप की वैल्यूएशन 6 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी। लेकिन, अगले हफ्ते ही यह वैल्यूएशन 8 फीसदी घट गई थी।
त्योहारी सीजन में सेल्स बढ़ने की उम्मीद
महिंद्रा एंड महिंद्रा के मैनेजमेंट ने त्योहारों के दौरान डिमांड अच्छी रहने की उम्मीद जताई है। सीएनबीसी-टीवी18 के साथ बातचीत में M&M के ऑटोमोटिव डिविजन के प्रेसिडेंट विजय नाकरा ने कहा कि सेंटिमेंट स्ट्रॉन्ग है और त्योहारों का सीजन हमारे लिए अच्छा रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि हमें फिर से अच्छी डिमांड दिख रही है। कुछ प्रोडक्ट्स के लिए आगे डिमांड काफी स्ट्रॉन्ग रह सकती है।
नए मॉडल्स लॉन्च करने का मिलेगा फायदा
ऑटो सेक्टर से जुड़े एनालिस्ट्स को भी महिंद्रा एंड महिंद्रा के अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से ट्रैक्टर्स की इनक्वायरी काफी बढ़ी है। इससे इस सेक्टर की ग्रोथ 5 फीसदी के अनुमान से ज्यादा रह सकती है। ऑटो सेगमेंट में कंपनी अच्छी बुकिंग्स दिख रही है। कंपनी नए मॉडल्स लॉन्च करने वाली है। इससे शॉर्ट टर्म में कंपनी की सेल्स ग्रोथ अच्छी रहने की उम्मीद है।
M&M का स्टॉक 71 फीसदी चढ़ा
FY24 में कुल रेवेन्यू में महिंद्रा एंड महिंद्रा को ऑटोमोटिव सेगमेंट की हिस्सेदारी 54 फीसदी रही। करीब एक चौथाई रेवेन्यू इसके फॉर्म इक्विपमेंट बिजनेस से आया। ग्रुप कंपनियों में सबसे ज्यादा तेजी इस साल महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में दिखी है। यह 2024 में 71 फीसदी चढ़ा है। इसके बाद Tech Mahindra, Mahindra Logistics और Swaraj Engines के शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी दिखी। इन कंपनियों के शेयरों में इस साल 27-36 फीसदी की तेजी आई है।
यह भी पढ़ें: फेडरल रिजर्व के बाद क्या RBI भी इंटरेस्ट रेट में कमी करने का फैसला लेगा?
क्या आपको M&M के शेयरों में निवेश करना चाहिए?
इस साल महिंद्रा ग्रुप की वैल्यूएशन 47 फीसदी चढ़ी है। इस समूह की ग्रुप वैल्यूएशन में Tech Mahindra की हिस्सेदारी 26 फीसदी है। यह वैल्यूएशन के लिहाज से समूह की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी है। 20 सितंबर को महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों में 5.5 फीसदी तेजी आई। यह निफ्टी 50 का सबसे ज्यादा चढ़ने वाला शेयर रहा। इस स्टॉक ने पिछले पांच साल में औसत 42 फीसदी रिटर्न दिया है। इस स्टॉक को ट्रैक करने वाले 41 एनालिस्ट्स में से 85 फीसदी ने इस शेयर को खरीदने की सलाह दी है। नोमुरा ने इस स्टॉक के लिए 3,800 रुपये का टारगेट प्राइस दिया है।